मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स की महिला टीमों के बीच जारी महिला प्रीमियर लीग का 19वां मैच खेला गया। मुंबई इंडियंस ने इस खेल में गुजरात को 9 रनों से नजदीकी मुकाबले में हराया है।
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के सामने जीत के लिए 180 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन 20 ओवरों में गुजरात 170 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस जीत से मुंबई WPL 2025 में 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ गई है।
मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 9 रनों से हराया
मुंबई के ब्रेबर्न स्टेडियम पर खेले गए इस मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए, कप्तान हरमनप्रीत कौर (54) और नट सीवर ब्रंट (38) की शानदार पारी के दम पर।
टीम के सलामी बल्लेबाज हेली मैथ्यूज ने 27 रन, अमनजोत कौर ने 27 रन और यास्तिका भाटिया ने 13 रन बनाए। गुजरात जायंट्स की गेंदबाजी में तनुजा कंवर, काश्वी गौतम, प्रिया मिश्रा और एश्ले गार्डनर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके बाद जब गुजरात जायंट्स मुंबई इंडियंस से मिले 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो वह 20 ओवरों में 170 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारती फूलमाली ने टीम के लिए 25 गेंदों में 61 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह जीत नहीं दिला पाई। गुजरात के लिए हरलीन देओल ने 24 और फोबे लिचफील्ड ने 22 रन बनाए।
मुंबई के लिए गेंदबाजी में हेली मैथ्यूज और अमेलिया कर को 3-3 विकेट मिले। संस्कृति गुप्ता ने एक और शबनम इस्माइल ने दो सफलताएं हासिल कीं।