दिल्ली और रेलवे की टीमें रणजी ट्रॉफी के सातवें राउंड में आमने-सामने हैं। इस मुकाबले से 12 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हिमांशु सांगवान ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया
विराट को खेल के पहले दिन मैदान में फील्डिंग करते फैंस द्वारा उन्हें जमकर चियर किया गया था। किंग कोहली की बल्लेबाजी देखने के लिए दूसरे दिन स्टेडियम में भारी भीड़ जमा हुई। लेकिन रेलवे के गेंदबाज हिमांशु सांगवान के खिलाफ कोहली सिंगल डिजिट स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
दिल्ली की पहली पारी में विराट ने 28वें ओवर की तीसरी गेंद पर शानदार चौका लगाया। फिर वह अगली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। कोहली को आउट करने वाले वाले हिमांशु सांगवान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। आइए आपको हिमांशु सांगवान के बारे में सब कुछ बताते हैं।
हिमांशु सांगवान की जीवनी
दिल्ली के नजफगढ़ में हिमांशु सांगवान का जन्म 1995 में हुआ था, यह वही इलाका है जहां पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का भी घर है। दिल्ली के लिए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अंडर-19 एज ग्रुप क्रिकेट खेला। अपने फर्स्ट क्लास करियर के कारण वह रेलवे की टीम में चले गए।
हिमांशु सांगवान स्टैट्स
हिमांशु सांगवान ने अब तक 23 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं और 19.92 के औसत से 77 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने कुल छह बार चार विकेट लिए हैं और तीन बार पांच विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 81 रन देकर 7 विकेट लेना है।
सांगवान का प्रदर्शन व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में उतना अच्छा नहीं है। उन्होंने 17 लिस्ट-ए मैचों में 21 विकेट लिए हैं। वहीं सात टी20 मैचों में सिर्फ पांच विकेट लिए हैं। उनका व्हाइट बॉल से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 44 रन देकर 4 विकेट लेकर रहा।
फॉर्मेट | मैच | विकेट | औसत | इकॉनमी रेट |
फर्स्ट क्लास | 23 | 77 | 19.92 | 3.02 |
लिस्ट ए | 17 | 21 | 34.71 | 5.28 |
टी20 | 7 | 5 | 45.00 | 9.64 |