क्रिकेट प्रेमी दुनिया की सबसे बड़ी टी20 क्रिकेट लीग का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। याद रखें कि आईपीएल 2025 इस बार 22 मार्च से शुरू होगा। केकेआर और आरसीबी के बीच पहला मैच खेला जाएगा।
एक बार फिर से गेंद और बल्ले के बीच जंग देखने को मिलेगी, बल्लेबाज गेंदबाजों पर हावी होने की कोशिश करेंगे। क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर से मैदान पर चौके और छक्के देखने का मौका मिलेगा। हम आज इस खबर में आपको आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों के बारे में बताने जा रहे हैं। इसलिए आइए इनके बारे में जानते हैं:
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टाॅप 5 खिलाड़ी
1. क्रिस गेल
क्रिस गेल ने आईपीएल में सबसे अधिक छक्के लगाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू टीमों में खेलने वाले गेल ने 142 मैचों में कुल 357 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में वह टाॅप पर हैं। आईपीएल में शायद ही कोई हो जो उनके इस क्रिकेट रिकाॅर्ड को तोड़ पाए।
2. रोहित शर्मा
आईपीएल में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और हिटमैन रोहित शर्मा ने कुल 280 छक्के लगाए हैं। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। रोहित इस बार हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे।
3. विराट कोहली
इस लिस्ट में अनुभवी भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं। वह अपने डेब्यू IPL सीजन से राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए खेलते हुए नजर आ रहे हैं। IPL में कोहली ने 272 छक्के लगाए हैं।
4. एमएस धोनी
आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी चौथे स्थान पर हैं। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स टीम की ओर से 252 छक्के लगाए हैं।
5. एबी डिविलियर्स
2008 से 2021 तक एबी डिविलियर्स ने दिल्ली कैपिटल्स और राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू जैसी टीमों के लिए IPL खेला था। इस दौरान उन्होंने कई रन बनाए, साथ ही 251 छक्के भी लगाए। वह आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में पांचवें स्थान पर हैं।