9 सितंबर से यूएई में आगामी 17वें एशिया कप का आयोजन होगा। 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में आठ टीमें दो ग्रुप में हैं। भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई ग्रुप ए में हैं, जबकि बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग ग्रुप बी में हैं।
17वें एशिया कप का आयोजन 9 सितंबर से यूएई में होगा
भारत सहित अन्य टीमें भी इस टूर्नामेंट में खिताब जीतने की पूरी कोशिश करती नजर आएंगी। यही नहीं, भारत ने एशिया कप को सबसे ज्यादा आठ बार अलग-अलग कप्तानों की कप्तानी में जीता है। यही कारण है कि आज की खबर में हम आपको पांच ऐसे भारतीय कप्तानों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप जीता है। आइए इन कप्तानों के बारे में जानते हैं:
1. सुनील गावस्कर
पूर्व भारतीय कप्तान व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर की कप्तानी में भारत ने एशिया कप जीता था। गौरतलब है कि भारत ने गावस्कर की कप्तानी में 1984 में एशिया कप का पहला सीजन जीता था। पहले सीजन में सिर्फ तीन टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें भारत के अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल थे।
2. दिलीप वेंगसकर
भारत ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिलीप वेंगसकर की कप्तानी में दूसरी बार एशिया कप जीता था। भारत ने 1988 सीजन के फाइनल में श्रीलंका को छह विकेट से हराया था। फाइनल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने 76 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
3. मोहम्मद अजहरुद्दीन
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने तीसरी बार भारतीय क्रिकेट टीम को एशियाई चैंपियन बनाया था। अजहर की कप्तानी में भारत ने 1991 और 1995 में खिताब जीता था। इसके बाद अजहर पहले भारतीय कप्तान बन गए, जिनकी कप्तानी में भारत ने दो बार एशिया कप जीता था। लेकिन एमएस धोनी ने बाद में अजहर की बराबरी की।
4. एमएस धोनी
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी भी उन भारतीय कप्तानों में शुमार हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने खिताब जीता है। 2010 के एशिया कप में भारत ने लगभग 15 साल बाद जीत हासिल की। इसके बाद 2016 का खिताब भी भारत ने धोनी की कप्तानी में जीता था।
5. रोहित शर्मा
भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में भी दो बार एशिया कप जीता है। 2018 के फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को हराकर रोहित की कप्तानी में खिताब जीता था, इसके बाद, 2023 के फाइनल में श्रीलंका को हराकर रोहित ने दूसरी बार खिताब जीता था।