क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और उनके बचपन के दोस्त विनोद कांबली की एक मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों मंगलवार (3 दिसंबर) को रमाकांत आचरेकर स्मारक के उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित हुए थे। आचरेकर के मार्गदर्शन में सचिन और कांबली ने क्रिकेट सीखा था। 52 वर्षीय कांबली पिछले कुछ समय से बीमार है।
विनोद कांबली, सचिन तेंदुलकर से मिलकर इमोशनल हुए
जब विनोद कांबली स्टेज पर जिगरी सचिन से मिले तो वे भावुक हो गए। सचिन खुद ही उनके पास चलकर आए थे। वायरल वीडियो को देखकर लगता है कि कांबली कुछ समय तक सचिन को नहीं पहचान पाए। वीडियो में देखा जा सकता है कि सचिन जैसे ही कांबली के पास आते हैं तो कुछ पलों के लिए उन्हें देखते रहते हैं। वह सचिन को पहचानते ही उनका हाथ अचानक पकड़कर अपनी ओर खींचते हैं।
लेकिन उसके बाद एक शख्स कांबली के पास आया और उन्हें वहीं बैठे रहने के लिए कहता है। सचिन फिर अपनी सीट पर चले जाते हैं। सचिन और कांबली ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मुंबई के शिवाजी पार्क में आचरेकर स्मारक का उद्घाटन किया। मनसे के प्रमुख राज ठाकरे भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
सचिन और कांबली की मुलाकात पर क्रिकेट फैंस के खूब रिएक्शन आ रहे हैं। एक प्रशंसक ने कहा, “कांबली एक महान खिलाड़ी थे, लेकिन उनका करियर बर्बाद हो गया। एक ने पूछा”“क्या कांबली को मानसिक या स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या है?” कांबली पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे हैं। 2013 में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। तब एक पुलिस ऑफिसर ने उन्हें लीलावती अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई थी।
वहीं इस वीडियो पर सचिन को कुछ प्रशंसक ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि सचिन एक सच्चे दोस्त नहीं हैं। वहीं एक यूजर ने लिखा कि, ऐसा लग रहा है कि सचिन हाथ छुड़ा कर भाग रहे हैं।
सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली का वायरल वीडियो
View this post on Instagram