गुजरात टाइटंस (जीटी) के युवा खिलाड़ी साई सुदर्शन ने विराट कोहली से आईपीएल 2025 का ऑरेंज कैप 24 घंटे में छीन लिया है। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के महान बल्लेबाज कोहली ने अर्धशतक लगाकर ऑरेंज कैप जीता था। सोमवार को जयपुर के मैदान पर सुदर्शन ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 30 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली। उन्होंने एक छक्का और चार चौके लगाए। वह फिफ्टी से चूक गए, लेकिन जारी सीजन में नंबर एक बल्लेबाज बन गए।
साई सुदर्शन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं
शानदार प्रदर्शन करते हुए सुदर्शन ने 9 मैचों में 57.00 की औसत से 456 रन बनाए हैं। 23 वर्षीय खिलाड़ी ने पांच अर्धशतक लगाए हैं। कोहली आईपीएल 2025 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। अब तक 10 मैचों में उन्होंने 63.28 की औसत से 443 रन बनाए हैं।
उन्होंने छह अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, जिनके बल्ले से 10 मैचों में 427 रन निकले हैं। 61.00 उनका औसत है। निकोलस पूरन, जो लखनऊ सुपर जायंट्स में खेलते हैं, 10 मैचों में 404 रन बनाकर चौथे स्थान पर हैं।
सुदर्शन ने आरआर बनाम जीटी मैच में कप्तान शुभमन गिल के साथ अच्छी साझेदारी की। पहले विकेट के लिए दोनों ने 93 रन जोड़े। महेश तीक्षणा ने 11वें ओवर में सुदर्शन की पारी खत्म की। इसके बाद गिल ने जोस बटलर (26 गेंदों पर नाबाद 50) के साथ मोर्चा संभाला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन बनाए।
17वें ओवर में, तिक्षणा ने गिल का शिकार किया, जो सेंचुरी से चूक गए। गिल ने 50 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों से 84 रन बनाए। पिछले मैच में भी गिल शतक के करीब आउट हुए थे। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 55 गेंदों में 90 रन बनाए। जीटी ने आरआर के खिलाफ 209/4 का स्कोर खड़ा किया।