इंग्लैंड की ओर से इंग्लैंड बनाम भारत के बीच बर्मिंघम में जारी एंडरसन-तेंदुलकर ट्राॅफी के दूसरे मैच में जेमी स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी की है। खेल के तीसरे दिन इंग्लैंड ने पहले पांच विकेट गंवा दिए, लेकिन जेमी स्मिथ ने हैरी ब्रूक के साथ शानदार बल्लेबाजी की और छठे विकेट के लिए 303 रनों की साझेदारी करके टीम को खराब से बेहतर स्थिति में ला खड़ा किया।
जेमी स्मिथ इंग्लैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज बने
जेमी स्मिथ ने मुकाबले की अपनी पहली पारी में 207 गेंदों में 21 चौके और 4 छक्कों की मदद से 184 रनों की शानदार पारी खेली और नाबाद रहे। स्मिथ मुकाबले में 150 रन बनाकर इंग्लैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज बन गए। स्मिथ ने 150 रन बनाने के लिए 144 गेंदें खेली।
इंग्लैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में हैरी ब्रूक पहले नंबर पर मौजूद हैं। 2022 में ब्रूक ने रावलपिंडी के मैदान पर 115 गेंदों में 150 रनों की शानदार पारी खेली थी। खैर, इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले शीर्ष छह खिलाड़ियों की लिस्ट देखें:
टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे तेज 150 बनाने वाले टाॅप-6 बल्लेबाज
खिलाड़ी | बनाम | वेन्यू | साल | गेंद |
हैरी ब्रूक | पाकिस्तान | रावलपिंडी | 2022 | 115 |
बेन स्टोक्स | साउथ अफ्रीका | केप टाउन | 2016 | 135 |
बेन डकेट | भारत | राजकोट | 2024 | 140 |
ओली पोप | जिम्बाब्वे | ट्रेंट ब्रिज | 2025 | 142 |
जेमी स्मिथ | भारत | एजबस्टन | 2025 | 144 |
बर्मिंघम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 407 रन बनाए हैं, जबकि भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में इंग्लैंड पर 180 रनों की बढ़त हासिल की है।