बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने लगातार दूसरा शतक जड़ा है। उन्होंने इसके साथ ही भारत के खिलाफ एक अविश्वसनीय रिकॉर्ड भी बनाया है। वे भारत के खिलाफ 11 टेस्ट शतक जड़ने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट को पीछे छोड़ दिया है। जब भी स्टीव स्मिथ भारत के खिलाफ खेलते हैं उनके बल्ले से हमेशा बड़ी पारी निकलती है।
भारत के खिलाफ 11 टेस्ट शतक जड़ने वाले स्टीव स्मिथ विश्व के पहले बल्लेबाज बने
बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के दूसरे दिन दाएं हाथ के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शतक लगाया। एमसीजी में जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में स्मिथ ने 167 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना 34वां टेस्ट शतक पूरा किया। इस श्रृंखला में उनका लगातार दूसरा शतक है। उनके बल्ले से ब्रिसबेन के गाबा में खेले गए मैच में भी सेंचुरी निकली थी।
रूट के नाम भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अब तक सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड था। जो रूट ने भारत के खिलाफ 10 शतक लगाए थे, लेकिन स्मिथ ने अब टीम इंडिया के खिलाफ 11 शतक लगाए हैं। उससे पहले गैरी सोबर्स, विव रिचर्ड्स और रिकी पोंटिंग ने भारत के खिलाफ 8–8 शतक जड़े थे। वहीं स्टीव स्मिथ ने पिछली 10 पहली पारियों में घर पर खेलते हुए भारत के खिलाफ 7 शतक जड़े हैं।
स्टीव स्मिथ, BGT में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने
अब स्टीव स्मिथ के नाम बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भी सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में स्मिथ ने अब तक 10 शतक लगाए हैं जबकि विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर ने इस सीरीज में 9-9 शतक लगाए हैं। स्मिथ ने WTC फाइनल में भारत के खिलाफ एक शतक जड़ा था। भारत के खिलाफ इस तरह उनके 11 टेस्ट शतक हो गए हैं।
BGT में सबसे ज्यादा शतक
10 – स्टीव स्मिथ
9 – विराट कोहली
9 – सचिन तेंदुलकर