हाल ही में जिम्बाब्वे और गाम्बिया के बीच खेला गया टी20 मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। जिम्बाब्वे ने गाम्बिया के खिलाफ बुधवार को आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर मैच में एक से बढ़कर एक कई रिकॉर्ड बनाए। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 344/4 का स्कोर बनाकर गाम्बिया को 54 रनों पर ढेर कर दिया। जिम्बाब्वे ने मैच को 290 रनों से जीता।
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने ऐतिहासिक शतक लगाया। उनका स्कोर 43 गेंदों में 7 चौकों और 15 छक्कों की बदौलत 133 रन था। सिकंदर ने अपना शतक महज 33 गेंदों में पूरा किया। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। वहीं, इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने रिकार्ड्स की झड़ी लगा दी।
विराट कोहली का रिकॉर्ड सिकंदर रजा ने तोड़ा
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का विश्व रिकॉर्ड सिकंदर रजा ने तोड़ दिया है। सिकंदर रजा मेंस टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक बार प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। अब उनके खाते में 17 अवॉर्ड हैं। कोहली ने अपने T20I करियर में 16 पीओटीएम जीते।
कोहली ने टी20 विश्व कप 2024 के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 16 अवॉर्ड जीत चुके हैं। बता दें कि सिकंदर जिम्बाब्वे की ओर से T20I सेंचुरी लगाने वाले पहले प्लेयर हैं। संयुक्त रूप से उन्होंने दूसरा सबसे तेज शतक ठोका है।
टी20 में ऐसा पहली बार हुआ
जिम्बाब्वे एक टी20 मैच में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले टीम बन गई है। इस मैच में जिम्बाब्वे के चार खिलाड़ियों ने 50 से अधिक स्कोर किया। टी20 में ऐसा पहली बार हुआ। सिकंदर ने शतक जमाया, जबकि टी मारुमानी, क्लाइव मडांडे और ब्रायन बेनेट ने अर्धशतक जड़े। बेनेट ने 26 गेंदों में 50 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और एक छक्का मारा। मारुमानी ने 19 गेंदों में 9 चौकों और चार सिक्स के साथ 62 रन बनाए। मडांडे ने 17 गेंदों में 53 रन बनाए।