इन दिनों उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज में एक और शानदार पारी खेली। बुधवार को उन्होंने तीसरे वनडे में शतक लगाया। बतौर ओपनर उतरने के बाद उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 112 रन बनाए, 102 गेंदों में 14 चौके और दो छक्के लगाए। 25 वर्षीय गिल का यह सातवां वनडे शतक है।
शुभमन गिल ने तीसरे वनडे में शतक लगाया
उन्होंने इस शतक के साथ भारत के पूर्व ओपनर शिखर धवन और साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला को पीछे छोड़ दिया है। गिल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान और भी रिकॉर्ड बनाए।
दरअसल गिल भारत में सबसे कम पारियों में सात वनडे शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 50 पारियों में यह कारनामा किया। धवन ने 54 वनडे पारियों में सात शतक लगाए थे।उनके बाद लिस्ट में विराट कोहली (64 पारी), केएल राहुल (66 पारी) और गौतम गंभीर (87 पारी) शामिल हैं। इसके अलावा ओवरऑल सबसे तेज सात वनडे सेंचुरी का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम दर्ज है। उन्होंने 33 पारियों में यह आंकड़ा छू लिया था।
वहीं गिल 50 पारियों में 2500 वनडे रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 50 पारियों में 2486 रन बनाकर अमला का रिकॉर्ड तोड़ा। पचास वनडे पारियों के बाद, गिल एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिनका 50 प्लस औसत और 100 प्लस स्ट्राइक रेट है। गिल एक ही वेन्यू पर तीनों फॉर्मेट में सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अहमदाबाद में उन्होंने टेस्ट, टी20 के बाद अब वनडे में भी शतक लगाया है।
50 पारियों के बाद सर्वाधिक वनडे रन
2587 – शुभमन गिल
2486 – हाशिम अमला
2386 – इमाम उल हक
2262 – फखर ज़मान
2247 – शाई होप