शुभमन गिल ने भारतीय कप्तान के रूप में एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इंग्लैंड के खिलाफ केनिंग्टन ओवल में पांचवें टेस्ट के पहले दिन दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने यह उपलब्धि हासिल की।
शुभमन गिल ने सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ा
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने हेडिंग्ले और एजबेस्टन में शतक जड़े, फिर मैनचेस्टर टेस्ट की दूसरी पारी में मुश्किल हालात में शतक जड़ा था।
किसी भारतीय कप्तान द्वारा एक टेस्ट श्रृंखला में सर्वाधिक रन
क्रम संख्या | खिलाड़ी | विपक्षी | सीजन | रन |
1. | शुभमन गिल | इंग्लैंड | 2025 | 737* |
2. | सुनील गावस्कर | वेस्टइंडीज | 1978/79 | 732 |
3. | विराट कोहली | इंग्लैंड | 2016/17 | 655 |
4. | विराट कोहली | श्रीलंका | 2017/18 | 610 |
5. | विराट कोहली | इंग्लैंड | 2018 | 593 |
पंजाब में जन्मे यह क्रिकेटर सुनील गावस्कर को पछाड़ने के कगार पर थे। ओवल में अपनी पहली पारी में गिल ने अपना ग्यारहवां रन पूरा करते हुए इस महान क्रिकेटर का एक टेस्ट सीरीज में किसी भारतीय कप्तान द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
लंदन के केनिंग्टन ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट के पहले दिन, भारत ने करुण नायर के उत्कृष्ट अर्धशतक की मदद से 6 विकेट पर 204 रन बना लिए। साई सुदर्शन ने भी 38 रनों की पारी खेलकर भारत की मदद की, लेकिन बाकी भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के दबदबा में ओवर कास्ट कंडिशंस में ध्यान देने योग्य पारी नहीं खेली।
गस एटकिंसन और जोश टंग ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि क्रिस वोक्स ने एक विकेट हासिल किया। पहले दिन बारिश के कारण केवल 64 ओवर का खेल हो सका, इंग्लैंड के स्टैंड इन कप्तान ओली पोप ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। करुण नायर (नाबाद 52) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 19) भारत के लिए क्रीज पर थे, जब अंपायरों ने स्टंप्स करने का फैसला किया। 57वें ओवर में क्रिस वोक्स की चोट ने इंग्लैंड को परेशान कर दिया है। कंधे की हड्डी में चोट लगने की उन्होंने आशंका व्यक्त की है।