30 जनवरी को अनुभवी बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन ने रणजी ट्रॉफी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शेल्डन ने रणजी ट्रॉफी इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड बनाया है। असम के खिलाफ राजकोट में लीग चरण के अंतिम मैच में उन्होंने ये कारनामा किया। शेल्डन ने यह अविश्वसनीय उपलब्धि अपने नाम की और भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नमन ओझा का रिकॉर्ड तोड़ा।
शेल्डन जैक्सन ने रणजी ट्रॉफी इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड बनाया
यह उपलब्धि शेल्डन जैक्सन ने 100वें मैच में हासिल की। इस टूर्नामेंट में पूर्व खिलाड़ी नमन ओझा ने 143 छक्के जड़े थे। शेल्डन जैक्सन ने अब उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। रणजी ट्रॉफी में उनके और नमन ओझा के अलावा केवल चार बल्लेबाजों ने 100 से ज्यादा छक्के जड़े हैं।
जैक्सन के अलावा इस क्लब में मनीष पांडे, पाराग डोगरा, सौरभ तिवारी और यूसुफ पठान भी शामिल हैं। जैक्सन इस टूर्नामेंट में सौराष्ट्र के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में उनसे आगे केवल सितांशू कोटक और चेतेश्वर पुजारा हैं।
यदि हम शेल्डन जैक्सन की बात करें तो वे घरेलू क्रिकेट में बहुत प्रसिद्ध हैं। अब तक उन्होंने कुल 104 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और 7194 रन बनाए हैं, उनके नाम 21 शतक व 39 अर्धशतक भी है। शेल्डन जैक्सन का औसत 46 रहा है जो उनकी निरंतरता को दिखाता है। उन्होंने सौराष्ट्र की टीम को अपनी बल्लेबाजी से कई मैच जिताए हैं।
सौराष्ट्र ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट खोकर 361 रन बनाए
सौराष्ट्र ने मैच का पहला दिन खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट खोकर 361 रन बना लिए हैं। सोराष्ट्र की ओर से हार्विक देसाई ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए, 17 चौके और एक छक्के की मदद से। चिराग जनी ने 80 रनों का योगदान दिया। शेल्डन जैक्सन ने 48 रन बनाए।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक सौराष्ट्र के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा 95* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि अर्पित वासवाड़ा 8* रन बना चुके हैं। असम के लिए राहुल सिंह, मुख्तार हसन और रियान पराग ने एक-एक विकेट हासिल किया है। दोनों टीमों के लिए खेल का दूसरा दिन बहुत महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल सौराष्ट्र ने इस मैच पर दबाव बनाया हुआ है।