भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सौरभ तिवारी ने हमेशा घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। यही नहीं, सौरभ तिवारी ने इंडियन प्रीमियर लीग में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
ध्यान दें कि सौरभ तिवारी ने टीम इंडिया की ओर से सिर्फ तीन वनडे मैच खेले हैं और 49 रन बनाए हैं। उन्होंने 37 रन का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाया है। लीजेंड्स लीग क्रिकेट में मणिपाल टाइगर्स के लिए सौरभ तिवारी खेल रहे हैं। उन्होंने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कई महत्वपूर्ण चीजों के बारे में खुलासा किया।
सौरभ तिवारी ने कई बड़े राज खोले
सवाल: पहले जब क्रिकेटर संन्यास लेते थे तब उनके पास कमेंट्री के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं होते थे। हालांकि, लीजेंड्स लीग क्रिकेट में आप खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट के बारे में आप अपना पक्ष रखें और साथ ही ऐसा कौनसा भारतीय खिलाड़ी है जिन्हें आप आगामी सीजन में इस टूर्नामेंट में खेलते हुए देखना चाहेंगे?
सौरभ तिवारी: यह टूर्नामेंट वास्तव में अच्छा है और मुश्किल भी है क्योंकि खिलाड़ियों को फिट रहना होता है। इस टूर्नामेंट की वजह से ऐसे कई दिग्गज खिलाड़ी है जो अपनी फिटनेस पर भी काफी काम कर रहे हैं। इसके अलावा जब भी महेंद्र सिंह धोनी भाई आईपीएल से संन्यास लेते हैं तो मैं उन्हें भी इस लीग में दमदार प्रदर्शन करते हुए देखना चाहता हूं।
सवाल: आपने धोनी का नाम लिया। जब आप आए थे तो आपकी उनसे काफी तुलना होती थी क्योंकि दोनों ही झारखंड के हैं और दोनों ने ही इस राज्य का नाम काफी रोशन किया है। इसको लेकर आप क्या बोलना चाहेंगे?
सौरभ तिवारी: मेरी उनसे तुलना केवल उनके बालों से होती थी, और अगर आपकी तुलना एक खिलाड़ी से हो रही है जिन्होंने 14 से 15 वर्षों तक भारत के लिए खेला है, तो यह आपके लिए बहुत बड़ी बात है। वो लीजेंड हैं क्योंकि उन्होंने टीम इंडिया को कई आईसीसी ट्रॉफी जिताए हैं। मेरे लिए उनसे तुलना करना बहुत बड़ी बात है।
सवाल: क्या अभी भी धोनी से आपकी बात होती है?
सौरभ तिवारी: जब हम रांची जाते हैं तो मेरी मुलाकात उनसे जरूर होती है। फोन पर उनसे इतनी बातचीत नहीं हुई, लेकिन जब हम लोग मैदान पर मिलते हैं, तो वह आपको बहुत महत्वपूर्ण बातें बताते हैं।
सवाल: आपने मुंबई इंडियंस में रोहित की कप्तानी में भी भाग लिया है और धोनी की कप्तानी में भी। दोनों की कप्तानी को लेकर आप क्या कहना चाहेंगे?
सौरभ तिवारी: रोहित का सबसे अच्छा पक्ष यह है कि वह आपको खेलने की पूरी स्वतंत्रता देते हैं। दूसरी बात जो मुझे सबसे ज्यादा अच्छी लगती है वो यह है कि मैदान पर वो सबकी बात सुनते हैं। ऐसा नहीं है कि वो आपकी बात सुनकर मूड खराब कर देंगे। वो आपको काफी सपोर्ट भी करते हैं।
धोनी भाई भी बिल्कुल रोहित जैसे ही हैं लेकिन मैंने ज्यादा मुकाबले रोहित की कप्तानी में खेले हैं और उनके अंदर सबसे अच्छी बात यही है कि उनके लिए सभी खिलाड़ी एक जैसे ही है।
सवाल: महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में आपको सबसे अच्छा क्या लगता है?
सौरभ तिवारी: मैंने आपको पहले बताया था कि धोनी की कप्तानी में मैंने बहुत कम मैच खेले हैं। उनके साथ ऐसा है कि वो अपनी योजना के तहत ही फैसला लेते हैं और हमने ऐसा करते हुए उन्हें देखा है।
रोहित शर्मा अपनी योजना मैच से संबंधित बनाते हैं। यदि उन्हें लगता है कि अब यहां पर बदलाव करना चाहिए, तो वे ऐसा करेंगे।
सवाल: आपने झारखंड की ओर से भी खेला है? अभी के कुछ युवा खिलाड़ी जिनके घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन रहा है उनको लेकर आप क्या कहना चाहेंगे?
सौरभ तिवारी: झारखंड तो काफी समय से घरेलू क्रिकेट खेल रहा है लेकिन बिहार की अभी-अभी शुरुआत हुई है और मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में बिहार टीम भी जबरदस्त प्रदर्शन करेगी। सुशांत राजपूत अच्छे गेंदबाज हैं और उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। कुमार कुशाग्र भी एक महान खिलाड़ी है। यह खिलाड़ी टीम इंडिया में आगे चलकर खेलेंगे या नहीं यह नहीं बता सकता, लेकिन इन्हें अभी और भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
सवाल: मुंबई इंडियंस ने पिछले सीजन में रोहित को हटाकर हार्दिक पांड्या को कप्तानी का जिम्मा सौंपा। इसको लेकर आप क्या कहना चाहेंगे?
सौरभ तिवारी: यह फैसला फ्रेंचाइजी का था और इसमें कोई शक नहीं है कि रोहित शर्मा सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक है क्योंकि उन्होंने टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप भी जिताया है। हालांकि मुंबई इंडियंस का हमेशा से यह फैसला रहा है कि वो भविष्य के बारे में सोचती है।
यही फैसला हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने का भी होगा। मुंबई इंडियंस को आने वाले छह से सात वर्षों में और भी अच्छा प्रदर्शन करते देखा जा सकता है। भविष्य में हार्दिक पांड्या बेहतरीन कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे।
सवाल: एक ऐसा बल्लेबाज जो तीनों ही फॉर्मेट में जबरदस्त खिलाड़ी है?
सौरभ तिवारी: सूर्यकुमार यादव टी20 में, रोहित शर्मा वनडे में और जो रूट टेस्ट में, लेकिन लेकिन अगर तीनों ही फॉर्मेट में एक नाम लेना होगा तो मैं विराट कोहली का लूंगा।