मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 में बड़ी पारी नहीं खेली है। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी वह कुछ खास नहीं कर सके। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उन्होंने 12 गेंदों में 18 रन बनाए, दो चौके और एक छक्का लगाया। युवा स्पिनर विप्रज निगम ने उन्हें पांचवें ओवर में LBW आउट किया। हालाँकि, एमआई के पूर्व कप्तान रोहित ने अपनी छोटी पारी के दौरान एक विशिष्ट रिकॉर्ड अपने नाम किया। DC के खिलाफ वह कुल 50 छक्के लगा चुके हैं।
रोहित शर्मा ने एमएस धोनी और विराट कोहली को पीछे छोड़ा
रोहित शर्मा, आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। यह रिकॉर्ड उन्होंने एमएस धोनी को पीछे छोड़ते हुए अपने नाम किया। धोनी ने RCB के खिलाफ अब तक 49 सिक्स लगाए हैं।
वहीं, विराट कोहली लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। कोहली ने CSK के खिलाफ 43 सिक्स मारे हैं। दिल्ली फ्रेंचाइजी के खिलाफ केएल राहुल ने 43 छक्के लगाए हैं।
मैच में मुंबई ने दिल्ली के सामने निर्धारित 20 ओवर में 205/5 का स्कोर खड़ा किया। रोहित और रियान रिकेलटन के (25 गेंदों में 41, पांच चौके, दो सिक्स) ने पहले विकेट के लिए 47 रनों की पार्टनरशिप की। मौजूदा सीजन में रोहित ने पांच मैचों में सिर्फ 56 रन बनाए हैं।
रोहित के पवेलियन लौटने के बाद सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंदों में 40 रन बनाए। बीच के ओवरों में विकेट गिरने से लग रहा था कि मुंबई 200 रन तक नहीं पहुंच सकेगी, लेकिन तिलक वर्मा (33 गेंदों में 59, छह चौके, तीन सिक्स) और नमन धीर (17 गेंद में नाबाद 38, तीन चौके, दो सिक्स) ने 62 रन की साझेदारी करके विशाल स्कोर तक पहुंचाया।