भारतीय टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज और मुंबई इंडियंस के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक रोहित शर्मा ने आईपीएल में हमेशा बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, और उन्होंने कई रिकॉर्ड्स बनाए और तोड़े हैं। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में रोहित शर्मा को गिना जाता है। वर्तमान में रोहित ने आईपीएल 2025 में भी अच्छी बल्लेबाजी की है और विरोधी टीम के गेंदबाजों पर दबाव डाला है।
अब मुंबई इंडियंस को 27 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपना अगला मैच खेलना है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 की शुरुआत बुरी तरह से की थी, लेकिन उन्होंने पिछले कुछ मैचों में शानदार वापसी की है। मुंबई इंडियंस ने अपने पिछले चार मैच जीते हैं और टीम आईपीएल 2025 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और टीम के 10 अंक हैं।
रोहित शर्मा लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल कर सकते हैं
रोहित शर्मा लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। आईपीएल में 300 छक्के पूरा करने के लिए रोहित को और पांच छक्के जड़ने होंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में रोहित पांच छक्के मारकर आईपीएल में 300 छक्के मारने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। उल्लेखनीय है कि रोहित ने अभी तक 265 आईपीएल मैच खेले हैं और 295 छक्के मारे हैं। उन्हें आगामी मैच में भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते देखा जाएगा। इस लिस्ट में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने आईपीएल में 285 छक्के जड़े हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने 9 मैच में 5 जीत और 4 हार दर्ज की है। टीम आईपीएल 2025 की अंक तालिका में छठवें स्थान पर है और 10 अंक हैं। अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ टीम का प्रदर्शन देखना बहुत जरूरी होगा।
फिलहाल, मुंबई इंडियंस टीम शानदार फॉर्म में है और वह टॉप तीन में जगह बनाने की कोशिश करेगी। इस रिकॉर्ड और अपनी टीम को जीत दिलाने पर रोहित शर्मा का फोकस होगा। रोहित शर्मा ने पिछले दो मैचों में दो अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई थी।