रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है। आरसीबी ने ओमकार साल्वी को आगामी आईपीएल 2025 के लिए तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। 43 वर्षीय कोच, अपने व्यापक घरेलू अनुभव के साथ इस सीजन में RCB को विजेता बनाने की कोशिश करेंगे। RCB अभी तक आईपीएल के इतिहास में एक भी खिताब नहीं जीत पाई है।
आरसीबी ने ओमकार साल्वी को आईपीएल 2025 के लिए तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया
इंडियन एक्सप्रेस ने बताया कि ओमकार साल्वी को तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है, और जल्द ही आरसीबी की ओर से आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। फ्रेंचाइजी के लिए उनकी नियुक्ति रणनीतिक समय पर हुई है। RCB 2025 के आईपीएल सीजन और मेगा ऑक्शन से पहले अपने बैकरूम स्टाफ को मजबूत करना चाहती है।
यद्यपि ओमकार साल्वी उतने प्रसिद्ध कोच नहीं हैं, लेकिन घरेलू स्तर पर उनकी बहुत अधिक उपलब्धियां हैं। साल्वी 2023-24 सीजन से पहले मुंबई के हेड कोच के रूप में जुड़े और उन्होंने आते ही मुंबई को 42वीं रणजी ट्रॉफी जिताई। 8 सालों बाद, यह मुंबई का पहला रणजी खिताब था, बाद में एमसीए ने साल्वी को एक और सीजन के लिए बरकरार रखने का निर्णय लिया। इतना ही नहीं, फिर उनके अंडर में 27 साल बाद मुंबई ने ईरानी कप जीता।
ओमकार साल्वी का बतौर खिलाड़ी कोई ज्यादा अनुभव नहीं है। 2005 में रेलवे के लिए उन्होंने सिर्फ एक मैच खेला है। उन्होंने अपने करियर में सिर्फ एक विकेट हासिल किया, लेकिन बतौर कोच वह खिलाड़ियों में काफी लोकप्रिय हैं। इस साल भी उनकी कोचिंग में मुंबई रणजी ट्रॉफी के एलिट ग्रुप में तीसरे नंबर पर है। टीम ने पांच मैचों में 22 अंक बनाए हैं। साल्वी को आईपीएल का भी अनुभव है। वो कोलकाता नाइट राइडर्स के असिस्टेंट बॉलिंग कोच भी रह चुके हैं।
इससे पहले दिनेश कार्तिक को आरसीबी ने आईपीएल 2025 के लिए बैटिंग कोच और मेंटर नियुक्त किया था। साल्वी और कार्तिक इससे पहले केकेआर में भी साथ काम कर चुके हैं।