पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2025 का 69वां मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए। इसके बाद पंजाब ने लक्ष्य को 18.3 ओवरों में पीछा कर 7 विकेट से मुकाबला जीता।
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया
पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस पर जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है और टीम क्वालीफायर-1 खेलते हुए दिखाई देगी।
मुंबई इंडियंस को पंजाब किंग्स के खिलाफ छठे ओवर में 45 रन पर पहला झटका लगा। मार्को जेनसेन ने 20 गेंदों में 27 रन बनाकर रयान रिकल्टन को आउट कर दिया। इसके बाद रोहित शर्मा (24), तिलक वर्मा (1) और विल जैक्स (17) बड़े स्कोर नहीं बना पाए।
सूर्यकुमार यादव ने 39 गेंदों में 6 चौके और दो छक्कों की मदद से 57 रन की पारी खेली, जिससे टीम सम्मानजनक टोटल बोर्ड पर लगा पाई। सूर्या के अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने 15 गेंदों में 26 रन और नमन धीर ने 12 गेंदों में 20 रन बनाए।
पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं, मार्को जेनसेन और विजय कुमार वैशाक ने भी 2-2 विकेट चटकाए।
प्रियांश आर्या और जोश इंग्लिस ने शानदार पारी खेली
पंजाब ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 185 रन का लक्ष्य पीछा किया। पहले विकेट के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 34 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन ने 16 गेंदों में सिर्फ 13 रन बनाए। इसके बाद, जोश इंग्लिस और प्रियांश आर्या ने दूसरे विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी की।
प्रियांश आर्या ने 35 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। जोश इंग्लिस ने 42 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 73 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने आखिर में 16 गेंदों में 26 रन की नाबाद पारी खेल टीम को मैच जितवाया।
मुंबई इंडियंस के सबसे सफल गेंदबाज जसप्रीत बुमराह रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट लिया। वहीं मिचेल सैंटनर ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट चटकाए।