रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को उनके घर पर 12 रन से हराया। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन बनाए, जबकि MI की टीम सिर्फ 209 रन बना पाई। रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने इस जीत से बड़ा इतिहास रच दिया, 2015 के बाद RCB ने रजत पाटीदार की कप्तानी में पहली बार वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज की है।
मैच के बाद RCB कप्तान को हालांकि बड़ा झटका लगा है। बीसीसीआई ने पाटीदार पर स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना ठोका है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु निर्धारित समय पर 20 ओवरों का कोटा पूरा नहीं कर पाई थी।
रजत पाटीदार पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया
8 अप्रैल, मंगलवार को आईपीएल ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा,
“रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में आईपीएल 2025 के मैच नंबर 21 के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखा। क्योंकि यह आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के ऑर्टिकल 2.2 के तहत उनकी टीम की पहली गलती है, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, पाटीदार पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”
रजत पाटीदार ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में रजत पाटीदार ने 32 गेंदों में 64 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। रजत ने 200 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए पांच चौके और चार छक्के लगाए। विराट कोहली (67) और जितेश शर्मा (40*) ने महत्वपूर्ण पारियां खेली, जिसके चलते टीम ने 221 का टोटल बोर्ड पर लगाया था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के बाद वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है, चार मैचों में तीन जीत के साथ छह अंक है। टीम अब 10 अप्रैल को घर पर दिल्ली कैपिटल्स का सामना करेगी।