गुजरात जायंट्स महिला प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी ने 2025 ऑक्शन से पहले मिताली राज से नाता तोड़ दिया है। आपसी सहमति से गुजरात जायंट्स और मिताली राज ने अलग होने का निर्णय लिया है। गुजरात जायंट्स के लिए मिताली राज मेंटर की भूमिका निभा रही थीं। रिपोर्ट के अनुसार मिताली और गुजरात अब अलग हो गए हैं।
आपसी सहमति से गुजरात जायंट्स और मिताली राज ने अलग होने का निर्णय लिया है
आपको बता दें कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर का अनुबंध तीन साल का था लेकिन जायंट्स ने दोनों बार टीम के सबसे निचले पायदान पर रहने के बाद मिताली राज को जाने देने का निर्णय लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार मिताली को आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन में नई भूमिका में नियुक्त किया गया है। जायंट्स ने नूशीन अल खदीर को भी छोड़ दिया है जो टीम के बॉलिंग कोच के रूप में दो साल तक काम कर चुकी हैं। नूशीन फिलहाल भारत की अंडर-19 महिला टीम की कोच हैं।
इस साल की शुरुआत में राचेल हेन्स की जगह लेने वाले माइकल क्लिंगर को जायंट्स के हेड कोच के रूप में बने रहने की पूरी संभावना है। फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन के भी इस पद पर बने रहने की उम्मीद है।
फ्रेंचाइजी बहुत जल्द महत्वपूर्ण निर्णय लेगी
महिला प्रीमियर लीग में अभी तक गुजरात जायंट्स का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। गुजरात जायंट्स WPL 2024 की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर थी। गुजरात जायंट्स ने आठ मैचों में सिर्फ दो में जीत हासिल की थी और छह में हार झेलनी पड़ी थी। टीम ने पूरे सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन किया था।
यही नहीं गुजरात जायंट्स ने 2023 सीजन में भी कोई प्रभाव नहीं छोड़ा। गुजरात जायंट्स ने 2023 सीजन में 8 मैच खेले, दो में जीत और छह में उसे हार का सामना करना पड़ा था। गुजरात जायंट्स को अब WPL 2025 की नीलामी में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने होंगे जिसमें उन्हें कई शानदार खिलाड़ियों को स्क्वॉड में शामिल करना होगा।