भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और मुंबई के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर एक बार फिर लाइव प्रसारण के दौरान अपनी प्रतिक्रिया के लिए फैंस के निशाने पर आ गए हैं। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच में मशहूर कमेंटेटर ने कुछ ऐसा कहा जिसको लेकर अब सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। मांजरेकर ने कहा कि वह नॉर्थ के प्लेयर्स पर बहुत ध्यान नहीं देते। बहुत से लोगों को उनकी यह बात बुरी लगी।
इसके बाद संजय मांजरेकर को सोशल मीडिया पर ‘मुंबई लॉबी’ वाली तंज का सामना करना पड़ा। मांजरेकर ने ये विवादित टिप्पणी भारतीय पारी के 11वें ओवर में की। दरअसल, मांजरेकर के कमेंट्री पार्टनर भारतीय टीम के फील्डिंग कोच मुनीश बाली की चर्चा कर रहे थे। उन्होंने मांजरेकर को बताया कि फील्डिंग कोच पंजाब के पूर्व क्रिकेटर हैं। इसके बाद, मांजरेकर ने कहा, ”सॉरी, मैंने उनको पहचाना नहीं। नॉर्थ के प्लेयर्स की तरफ मेरा ज्यादा ध्यान नहीं होता।”
संजय मांजरेकर को फैंस ने ट्रोल किया
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी पंजाब से हैं, इसलिए शायद प्रशंसकों को उनका यह बयान पसंद नहीं आया। फैंस ने उनकी टिप्पणी सुनने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। एक प्रशंसक ने लिखा, “मुंबई लॉबी एक हकीकत है।”एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “एक्सपर्ट कहते हैं कि मुंबई लॉबी का कोई अस्तित्व नहीं है। यह लोगों की कल्पना की उपज है। लेकिन अब खुद देखिए।”
आपको बता दें कि पटियाला के मुनीश बाली भारतीय क्रिकेट सर्किट में सबसे अनुभवी कोचों में से एक हैं। उनकी शुरुआत पंजाब की एज-ग्रुप लेवल की टीमों के हेड कोच के रूप में हुई। उनके पास वैश्विक सेटअप का अच्छा-खासा अनुभव है। वह 2008 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के असिस्टेंट कोच रह चुके हैं, जिसमें विराट कोहली, रविंद्र जडेजा और मनीष पांडे जैसे शानदार फील्डर थे।
मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया की टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में अच्छी शुरुआत नहीं रही। न्यूजीलैंड ने भारत को इस मैच में 58 रनों से हराया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 161 रनों का लक्ष्य दिया। भारत इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन 19 ओवर में 102 रनों पर ऑलआउट हो गई। मुकाबले में किसी भी भारतीय बल्लेबाज ने 15 रनों से अधिक की पारी नहीं खेली।