आयरलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 41 रनों की शानदार पारी खेलकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की क्वीन कही जाने वाली स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया। इस पारी में उन्होंने न सिर्फ टीम को जीत दिलाया बल्कि इतिहास भी रचा। आयरलैंड के खिलाफ स्मृति मंधाना ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर वनडे क्रिकेट में 4000 रन का आंकड़ा छुआ।
स्मृति मंधाना ने मिताली राज का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
सबसे कम पारियों में इस मुकाम तक पहुंचने वाली मंधाना नंबर-1 भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं हैं। इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा है। 2011 में 14 साल पहले मिताली राज वनडे क्रिकेट में 4000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं थी।
मंधाना ने 10 जनवरी को आयरलैंड के खिलाफ 239 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 29 गेंदों पर चार चौकों और 1 गगनचुंबी छक्के की मदद से 41 रनों की पारी खेली। इस पारी के बाद उन्होंने 95 वनडे पारियों में 4000 रनों का आंकड़ा पूरा किया। इस मुकाम तक पहुंचने वाली वह सबसे कम पारियों में पहली भारतीय महिला क्रिकेटर और दुनिया की तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं।
महिला क्रिकेट में सबसे तेज 4000 वनडे रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क के नाम है जिन्होंने 86 पारियों में यह कारनामा किया था। लिस्ट में दूसरे स्थान पर उनकी देश की साथी खिलाड़ी मेग लैनिंग हैं जिन्होंने 89 पारियों में 4000 रन बनाए थे।
प्लेयर | टीम | मैच | रन | 4000 रन तक पहुंचने के लिए ली गईं पारियां |
बेलिंडा क्लार्क | ऑस्ट्रेलिया | 118 | 4844 | 86 |
मेग लैनिंग | ऑस्ट्रेलिया | 103 | 4602 | 89 |
स्मृति मंधाना | भारत | 95 | 4001 | 95 |
लौरा वोल्वार्ड्ट | दक्षिण अफ्रीका | 101 | 4303 | 96 |
करेन रोल्टन | ऑस्ट्रेलिया | 141 | 4814 | 103 |
सुजी बेट्स | न्यूजीलैंड | 168 | 5838 | 105 |
स्टैफनी टेलर | वेस्टइंडीज | 160 | 5691 | 107 |
टैमी ब्यूमोंट | इंग्लैंड | 124 | 4204 | 110 |
मिताली राज | भारत | 232 | 7805 | 112 |