2 जनवरी को न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का अंतिम मुकाबला सैक्स्टन ओवल में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 211 रन ही बना पाई जबकि श्रीलंका ने 7 रन से जीत दर्ज की।
न्यूजीलैंड ने पहले दो मैचों में जीत दर्ज कर सीरीज को अपने नाम कर लिया था। तीसरे टी20 मुकाबले के बाद दोनों टीमों के बीच सीरीज 2-1 पर खत्म हुई।
44 गेंदों में शतक ठोक कुसल परेरा ने इतिहास रचा
श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत नहीं की। दोनों ओपनर 42 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए थे। पथुम निसांका ने 12 गेंदों में 14 रन बनाए जबकि कुसल मेंडिस ने 16 गेंदों में 22 रन बनाए। अविष्का फर्नांडो भी इसके बाद 17 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए थे।
चौथे विकेट के लिए कप्तान चरिथ असलांका और कुसल परेरा ने शतकीय साझेदारी की। कुसल परेरा ने 46 गेंदों में 13 चौके और 4 छक्के की मदद से 101 रन की पारी खेली। उन्होंने 44 गेंदों में शतक ठोका था। श्रीलंका के लिए वह टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
परेरा को उनकी पारी के दौरान 15 और 60 रन के स्कोर पर दो बार जीवनदान भी मिला। फिर 19वें ओवर की चौथी गेंद पर वह डेरिल मिचेल का शिकार बने। पॉइंट पर रचिन रविंद्र ने एक अच्छा कैच पकड़ा। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, जैकब डफी, जकारी फोल्केस, मिचेल सैंटनर और डेरिल मिचेल ने 1-1 विकेट लिया।
न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई
न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 219 रनों का लक्ष्य पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए टिम रॉबिन्सन और रचिन रवींद्र के बीच 81 रनों की साझेदारी हुई। लेकिन अंत में टीम सात रनों से पीछे रह गई। 39 गेंदों में रचिन ने 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 69 रन की सर्वाधिक पारी खेली। डेरिल मिचेल ने 17 गेंदों में 35 रन बनाए।
श्रीलंका के लिए चरिथ असलांका ने चार ओवरों में 50 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिए। 4 ओवर में वानिंदु हसरंगा ने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। नुवान तुषारा और बिनुरा फर्नांडो ने 1-1 विकेट हासिल किया।