21 मई को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2025 का एक महत्वपूर्ण मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। मुंबई इंडियंस ने 59 रन से मैच जीता। मुंबई इंडियंस के सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को तीसरे ओवर में 23 रन पर पहला झटका लगा, जब रोहित शर्मा 5 गेंदों में 5 रन बनाकर मुस्तफिजुर रहमान का शिकार बन गए। बाद में मुकेश कुमार के खिलाफ विल जैक्स (21) पावरप्ले के आखिरी ओवर में आउट हुए।
विल जैक्स के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करने उतरे। चौथे विकेट के लिए उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर 55 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 73 रनों की नाबाद पारी खेली, जिससे टीम 180 के मजबूत टोटल तक पहुंच पाई।
सूर्या के साथ नमन धीर ने भी अच्छा काम किया, 8 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से नमन धीर ने 24 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने पारी के अंतिम दो ओवर में मुकेश कुमार और दुष्मंथा चमीरा को आड़े हाथों लेते हुए 48 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल थे। मैच का टर्निंग पॉइंट मुंबई इंडियंस की पारी के अंतिम दो ओवर ही रहे।
मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स 121 रन पर ढेर हो गई। समीर रिजवी ने दिल्ली टीम की ओर से 39 रन की बहुमूल्य पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। मुंबई की ओर से मिचेल सैंटनर और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट झटके।
बाकी गेंदबाजों ने भी अच्छा काम किया। दिल्ली कैपिटल्स लीग से बाहर हो गई है, और मुंबई इंडियंस आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है।