18 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे केएल राहुल ने अरुण जेटली स्टेडियम में इतिहास रचा। राहुल टी20 क्रिकेट में विराट कोहली को पछाड़ सबसे तेज 8000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। गुजरात के खिलाफ मैच में उन्होंने 33 रन बनाकर यह बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया।
केएल राहुल ने 224 पारी में 8000 टी20 रन बनाए
केएल राहुल ने अपने करियर की 224 पारी में 8000 टी20 रन बनाए हैं। जबकि विराट कोहली ने 243 पारियों में ऐसा कारनामा किया था। वेस्टइंडीज के खिलाड़ी क्रिस गेल ने टी20 फॉर्मेट में केवल 213 पारियों में 8000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। वहीं बाबर आजम लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 218 पारियों में ऐसा कारनामा किया था।
टी-20 क्रिकेट में 8000 रन बनाने वाले सबसे तेज बल्लेबाज
- क्रिस गेल- 213 पारियां
- बाबर आजम- 218 पारियां
- केएल राहुल – 224 पारियां
- विराट कोहली- 243 पारियां
- मोहम्मद रिजवान- 244 पारियां
केएल राहुल ने अपने आईपीएल करियर का पांचवां शतक ठोका
गुजरात टाइटंस के खिलाफ राहुल ने अपने आईपीएल करियर का पांचवां शतक ठोका। वह आईपीएल में सबसे अधिक शतक ठोकने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। विराट कोहली सर्वाधिक शतक के मामले में पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 8 शतक ठोके हैं।
राहुल ने आईपीएल में तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए शतक लगाया है। दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने सेंचुरी लगाई है। गुजरात के खिलाफ राहुल ने 65 गेंदों पर 14 चौके और 4 छक्कों की मदद से 112* रन की शानदार पारी खेली। दिल्ली की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए उनकी शानदार पारी के बल पर 199 का टोटल बोर्ड पर लगाया।
आईपीएल में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी
- 8 – विराट कोहली (255 पारी)
- 5 – केएल राहुल (134 पारी)
- 4 – शुभमन गिल (111 पारी)
- 3 – संजू सैमसन (171 पारी)