17 मई से आईपीएल 2025 दोबारा शुरू होगा। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर संघर्ष के कारण टूर्नामेंट कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया। जारी सीज़न में मुंबई इंडियंस का सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। टीम ने अपने पहले पांच मैचों में से सिर्फ एक में जीत हासिल की थी। लेकिन फिर टीम ने लगातार छह मैच जीतकर सारा खेल ही पलट दिया।
हालाँकि, गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में तीन विकेट से हार के बाद टीम की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। पांच बार की विजेता को प्लेऑफ में जाना है तो लीग स्टेज राउंड के आखिरी दोनों मैचों में जीत चाहिए। अभी वह पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है और 14 अंक है।
इस बीच, मुंबई इंडियंस कैंप से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। इंग्लैंड के खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो विल जैक्स की जगह ले सकते हैं अगर मुंबई इंडियंस प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करती है।
विल जैक्स प्लेऑफ राउंड का हिस्सा नहीं होंगे
इंग्लिश ऑलराउंडर विल जैक्स मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल 2025 में लीग स्टेज राउंड के आखिरी दो मुकाबलों में बने रहेंगे। लेकिन उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम में जगह मिली है, इसलिए वह प्लेऑफ राउंड का हिस्सा नहीं होंगे। मुंबई ने जारी सीजन में जैक्स पर काफी भरोसा व्यक्त किया है। उन्होंने 11 मैचों में 129.13 की स्ट्राइक रेट से 195 रन बनाए हैं और पांच विकेट भी लिए हैं।
आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में जॉनी बेयरस्टो अनसोल्ड रहे थे
आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में जॉनी बेयरस्टो अनसोल्ड रहे थे, फिर उन्होंने काउंटी क्रिकेट खेला। उन्होंने 50 आईपीएल मैचों में 144.45 की स्ट्राइक रेट से 1589 रन बनाए गए हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद और 2022 और 2024 में पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने पिछले साल ईडन गार्डन्स में एक शानदार शतक लगाया, जिससे कोलकाता को घरेलू मैदान पर शर्मनाक हार मिली।
बेयरस्टो के अलावा चरिथ असलांका की भी मुंबई इंडियंस में शामिल होने की चर्चा है। ओपनर रयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश लीग स्टेज के बाद स्वदेश लौट जाएंगे और प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।