भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज क्रिकेटर जेमिमा रोड्रिग्स ने अपने उत्कृष्ट खेल के कारण काफी प्रसिद्धि हासिल की है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मुंबई के प्रतिष्ठित खार जिमखाना ने 2023 में तीन साल के लिए मानद सदस्यता दी। लेकिन अब एक ऐसी घटना घटी है, जिसके कारण उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई है।
जेमिमा रोड्रिग्स के पिता पर क्लब परिसर में गैरकानूनी धार्मिक गतिविधियां चलाने का आरोप लगा है
जेमिमा के पिता इवान रोड्रिग्स पर क्लब परिसर में गैरकानूनी धार्मिक गतिविधियां चलाने का आरोप लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, क्लब के सदस्यों ने इवान रोड्रिग्स पर धर्मांतरण के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन करने का आरोप लगाया है। इसके बाद 20 अक्टूबर को क्लब के वार्षिक आम सभा की बैठक में जेमिमा की सदस्यता रद्द करने का फैसला किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, खार जिमखाना के अध्यक्ष विवेक देवनानी ने कहा, “जेमिमा रोड्रिग्स को दी गई मानद तीन साल की सदस्यता आम बैठक में भाग लेने वाले सदस्यों द्वारा पारित एक प्रस्ताव के अनुसार रद्द कर दी गई।””
खार जिमखाना प्रबंध समिति के सदस्य शिव मल्होत्रा ने कहा – यह हमारी नाक के नीचे हो रहा है
गौरतलब है कि जेमिमा 2023 में भारत की पहली महिला क्रिकेटर थीं जो मानद खार जिमखाना में शामिल हुईं। उनके पिता, इवान, एक क्रिकेट कोच हैं, और उन पर पिछले डेढ़ साल में क्लब के प्रेसिडेंशियल हॉल में 35 कार्यक्रमों का आयोजन करने का आरोप है। हालाँकि, खार जिमखाना की प्रबंध समिति के सदस्य शिव मल्होत्रा ने बताया कि क्लब में धार्मिक कार्यक्रम नहीं होने चाहिए।
शिव मल्होत्रा ने कहा कि हमें पता चला कि जेमिमा के पिता ब्रदर मैनुअल मिनिस्ट्रीज नामक एक संस्था में शामिल थे। लगभग डेढ़ साल के लिए उन्होंने प्रेसिडेंशियल हॉल को बुक किया और 35 कार्यक्रम किए। और वहां क्या हो रहा था, हम सभी जानते हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि देश भर में धर्मांतरण की चर्चा होती है, लेकिन यह यहाँ हमारी नाक के नीचे हो रहा था। नाच-गाना, बड़ी स्क्रीनें और महंगे संगीत उपकरण वहां थे। खार जिमखाना के संविधान का नियम 4ए कहता है कि जिमखाना किसी भी धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं देता है।