6 दिसंबर, शुक्रवार से एडिलेड ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी बाॅर्डर-गावस्कर ट्राॅफी टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच शुरू हो गया है। आज भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं। क्रिकेटर के जन्मदिन पर उन्हें क्रिकेट जगत और उनके साथी क्रिकेटर्स शुभकामनाएं देते हुए नजर आ रहे हैं।
जसप्रीत बुमराह जन्मदिन के दिन डक पर आउट होने वाले चौथे भारतीय क्रिकेटर बने
हालांकि, क्रिकेट के नजरिए से बुमराह के लिए उनका जन्मदिन कुछ खास नहीं रहा है। बुमराह अपने जन्मदिन के दिन एडिलेड टेस्ट मैच की पहली पारी में डक पर आउट होने वाले चौथे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं।
1978 में बुमराह से पहले पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सैयद किरमानी अपने 29वें जन्मदिन पर कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट मैच में डक पर आउट हुए थे। वह भारत के पहले क्रिकेटर हैं जो अपने जन्मदिन पर डक आउट हुए।
1996 में इंग्लैंड के खिलाफ नाटिंगम टेस्ट मैच में पूर्व क्रिकेटर वेंकटपति राजू भी अपने जन्मदिन पर डक पर आउट हो गए थे। 2018 में ईशांत शर्मा भी अपने जन्मदिन पर इंग्लैंड के खिलाफ डक पर आउट हो गए थे। इस लिस्ट में बुमराह का नाम चौथे नंबर पर आता है।
टेस्ट में अपने जन्मदिन पर डक पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी
खिलाड़ी | टेस्ट मैच |
सैयद किरमानी | India vs West Indies, Kolkata (1978) |
वेंकटपति राजू | England vs India, Nottingham (1996) |
ईशांत शर्मा | England vs India, Southampton (2018) |
जसप्रीत बुमराह | Australia vs India, Adelaide (2024) |
इस मैच में भारतीय टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया जो उनके लिए पूरी तरह से गलत साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया की शानदार गेंदबाजी के खिलाफ पूरी भारतीय टीम महज 180 रनों पर ऑलआउट हो गई 44.1 ओवर में। टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने पहली पारी में सर्वाधिक 42 रनों की पारी खेली।