रवींद्र जडेजा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 77 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन इस पारी के बदौलत वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान अपने प्रशंसकों का बहुत मनोरंजन किया, भले ही वह बेकार गई हो। जडेजा ने 45 गेंदों पर 8 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। इनमें से एक छक्का तो 109 मीटर लंबा था, जो अभी तक इस सीजन का सबसे लंबा छक्का है।
जडेजा ने IPL 2025 का सबसे लंबा छक्का जड़ा
IPL 2025 में सबसे लंबा छक्का जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन को रवींद्र जडेजा ने पीछे छोड़ दिया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्लासेन ने 107 मीटर का छक्का जड़ा था। RCB के खिलाफ मैच में रवींद्र जडेजा ने 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लुंगी एनगिडी को छक्का लगाया।
IPL 2025 में सबसे लंबे छक्के मारने वाले बल्लेबाज
- रवींद्र जडेजा वर्सेस आरसीबी, 3 मई- 109 मीटर
- हेनरिक क्लासेन वर्सेस मुंबई इंडियंस, 23 अप्रैल- 107 मीटर
- आंद्रे रसेल वर्सेस दिल्ली कैपिटल्स, 29 अप्रैल- 106 मीटर
- अभिषेक शर्मा वर्सेस पंजाब किंग्स, 12 अप्रैल- 106 मीटर
- फिल सॉल्ट वर्सेस गुजरात टाइटंस, 2 अप्रैल- 105 मीटर
- ट्रैविस हेड वर्सेस राजस्थान रॉयल्स, 23 मार्च- 105 मीटर
एनगिडी यॉर्कर की कोशिश में जडेजा को फुलटॉस गेंद डाल बैठे, जिसका CSK के दिग्गज ऑलराउंडर ने पूरा फायदा उठाया। जडेजा ने मिड विकेट की ओर 109 मीटर लंबा छक्का जड़ा, जो स्टेडियम के छत पर गिर गया। यह इस आईपीएल सीजन का सबसे लंबा छक्का है।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी RCB ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। बेंगलुरु की तरफ से विराट कोहली, जैकब बैथल और रोमरियो शेफर्ड ने अर्धशतक लगाए। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आयुष म्हात्रे ने इस स्कोर का पीछा करते हुए 94 रनों की पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा ने नाबाद 77 रनों की पारी खेली। लेकिन दोनों टीम को जीत नहीं दिला सके। लुंगी एनगिडी आरसीबी के लिए 3 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।