लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2025 का 16वां मुकाबला इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। लखनऊ टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 203 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना पाई, जबकि लखनऊ ने 12 रन से शानदार जीत दर्ज की। यह MI की तीसरी हार है और LSG की इस सीजन में दूसरी जीत है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हराया
लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने 76 रन की साझेदारी की। मार्श ने 31 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन की पारी खेली।
एडेन मार्करम ने 38 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। इस मैच में निकोलस पूरन (12) और ऋषभ पंत (2) फ्लॉप रहे। आयुष बडोनी (30) और डेविड मिलर (27) की बहुमूल्य पारियों के चलते लखनऊ ने 203 का स्कोर बनाया।
हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस के लिए चार ओवर में 36 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट झटके। इनके अलावा, अश्वनी कुमार, विग्नेश पुथुर और ट्रेंट बोल्ट ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लखनऊ ने डेथ ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी की
मुंबई इंडियंस को लखनऊ के खिलाफ 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब शुरुआत मिली थी। टीम ने 17 के स्कोर पर दोनों ओपनर विकेट खो दिए। रयान रिकल्टन (10) और विल जैक्स (5) आकाश दीप के खिलाफ आउट हो गए। नमन धीर और सूर्यकुमार यादव के बीच 69 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।
नमन धीर ने चौबीस गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। सूर्या ने 43 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से 67 रन की शानदार पारी खेली। मैच के अंत तक कप्तान हार्दिक पांड्या 28 रन पर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीता नहीं पाए। लखनऊ के लिए शार्दुल ठाकुर, आकाश दीप, आवेश खान, और दिग्वेश सिंह ने 1-1 विकेट चटकाया।