गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2025 के 51वें मुकाबले में शुभमन गिल की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद को 38 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत से गुजरात की टीम आईपीएल 2025 में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब सिर्फ GT से ऊपर मुंबई इंडियंस हैं जिनके खाते में 14 अंक है, लेकिन बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से वह गुजरात से आगे है।
गुजरात टाइटंस की इस जीत से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लगा है। RCB दो दिन पहले शीर्ष पर थी, लेकिन पहले राजस्थान को मुंबई ने हराया, फिर गुजरात ने हैदराबाद को हराकर उन्हें नंबर-3 पर खिसका दिया है। मुंबई और गुजरात के बराबर आरसीबी के भी 14-14 अंक हैं। MI, GT और RCB के अलावा अब टॉप-4 में पंजाब किंग्स की टीम मौजूद है।
गुजरात टाइटंस ने 10 मैचों में 7वीं जीत हासिल की है। टीम 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। नेट रन रेट के चलते, GT नंबर 1 पर नहीं है, बल्कि दूसरे पायदान पर है। गुजरात का नेट रन रेट +0.867 है, जबकि मुंबई इंडियंस का नेट रन रेट सबसे अधिक है, +1.274। राजस्थान के खिलाफ मुंबई ने 100 रनों की बड़ी जीत दर्ज करके अपना नेट रन रेट काफी बेहतर कर लिया था।
सनराइजर्स हैदराबाद भी सीजन की सातवीं हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होने के करीब है। अगर SRH यहां से क्वालीफाई करना चाहते हैं, तो उन्हें अपने बचे हुए सभी मुकाबले जीतने के साथ दूसरी टीमों के परिणामों पर निर्भर रहना होगा। फिलहाल टीम ने 10 मैचों में सिर्फ 3 जीत हासिल की है, जो नौवें स्थान पर है। राजस्थान और चेन्नई पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो गए हैं।
गुजरात टाइटंस बनाम एसआरएच मैच के बाद आईपीएल 2025 की पॉइंट्स टेबल
टीम | मैच खेले | मैच जीते | मैच हारे | बेनतीजा | अंक | नेट रन रेट |
---|---|---|---|---|---|---|
मुंबई इंडियंस | 11 | 7 | 4 | 0 | 14 | +1.274 |
गुजरात टाइटंस | 10 | 7 | 3 | 0 | 14 | +0.867 |
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 10 | 7 | 3 | 0 | 14 | +0.521 |
पंजाब किंग्स | 10 | 6 | 3 | 1 | 13 | +0.199 |
दिल्ली कैपिटल्स | 10 | 6 | 4 | 0 | 12 | +0.362 |
लखनऊ सुपर जायंट्स | 10 | 5 | 5 | 0 | 10 | -0.325 |
कोलकाता नाइट राइडर्स | 10 | 4 | 5 | 1 | 9 | +0.080 |
राजस्थान रॉयल्स (E) | 11 | 3 | 8 | 0 | 6 | -0.780 |
सनराइजर्स हैदराबाद | 10 | 3 | 7 | 0 | 6 | -1.192 |
चेन्नई सुपर किंग्स (E) | 10 | 2 | 8 | 0 | 4 | -1.211 |