न्यूजीलैंड ने ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी जीती। 2009 और 2010 के फाइनल में हार झेलने के बाद कीवी टीम को इस जीत के बाद जरूर कुछ राहत मिली होगी। यह न्यूजीलैंड की पहली टी20 वर्ल्ड कप जीत है, वहीं वह वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली कुल चौथी टीम बनी है।
न्यूजीलैंड की महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीत के बाद आईसीसी ने उन पर पैसों की बारिश की
न्यूजीलैंड की वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीत के बाद आईसीसी ने उन पर पैसों की बारिश की है। टूर्नामेंट जीतने पर कीवी टीम ने 21 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। साथ ही उपविजेता साउथ अफ्रीका भी मालामाल हुई है। इस बार आईसीसी ने वुमेंस क्रिकेट प्राइज मनी को बढ़ाकर उसे मेंस क्रिकेट के बराबर किया था। साथ ही, टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी दस टीमों के लिए भी एक फिक्स्ड प्राइज मनी तय की थी।
आईसीसी ने 2024 वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए कुल 79.58 लाख डॉलर की प्राइज मनी का ऐलान किया था,जो भारतीय रुपए के हिसाब से लगभग 66.89 करोड़ रुपए के आसपास है। ICC ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को कुछ पैसे मिलेंगे। सभी टीमों को टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए आईसीसी ने 1,12,500 डॉलर (लगभग 94.56 लाख रुपए) की पुरस्कार राशि दी थी।
ग्रुप स्टेज में हर मैच जीतने पर प्रत्येक टीम को 31,154 डॉलर, यानी 26.18 लाख रुपये मिले। ग्रुप में तीसरी और चौथी टीमों को 2.70 लाख डॉलर का पुरस्कार मिला, जबकि पांचवीं टीम को 1.35 लाख डॉलर का पुरस्कार मिला।
कुल मिलाकर, न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट में 21.14 करोड़ रुपये कमाए। उन्हें खिताब जीतने पर 19.42 करोड़ रुपए मिले, ग्रुप स्टेज में तीन मैच जीतने पर 78.54 लाख रुपए मिले, और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए 94.56 लाख रुपए मिले। साउथ अफ्रीका की टीम ने भी 11.56 करोड़ रुपए कमाए। भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा, लेकिन उनके खाते में 3.74 करोड़ रुपये आए।
ICC Womens T20 World Cup Prize Money
रैंकिंग | टीम | प्राइज मनी रुपए में (करोड़) |
विजेता | न्यूजीलैंड | 21.4 |
उप-विजेता | साउथ अफ्रीका | 11.56 |
सेमीफाइनलिस्ट | ऑस्ट्रेलिया | 7.66 |
सेमीफाइनलिस्ट | वेस्टइंडीज | 7.4 |
ग्रुप स्टेज में तीसरा पायदान | इंग्लैंड | 4 |
ग्रुप स्टेज में तीसरा पायदान | भारत | 3.74 |
ग्रुप स्टेज में चौथा पायदान | पाकिस्तान | 3.47 |
ग्रुप स्टेज में चौथा पायदान | बांग्लादेश | 3.47 |
ग्रुप स्टेज में पांचवा पायदान | श्रीलंका | 2.08 |
ग्रुप स्टेज में पांचवा पायदान | स्कॉटलैंड | 2.08 |