पिछले काफी समय से विनोद कांबली की तबीयत ठीक नहीं चल रही है। उन्हें काफी चुनौतीओं का सामना करना पड़ रहा है। हालाँकि, भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने विनोद कांबली की सहायता करने का निर्णय लिया है।मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गावस्कर की संस्था कांबली को हर महीने 30 हजार रुपये देगी। इसके अलावा हर साल 30 हजार रुपये की मेडिकल खर्चों के लिए सहायता दी जाएगी।
1999 में सुनील गावस्कर ने CHAMPS फाउंडेशन संस्था की स्थापना की थी। यह संस्था गरीब एथलीटों को मदद मुहैया करवाती है। टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार गावस्कर की संस्था विनोद कांबली को जीवन भर तीस हजार रुपये प्रति महीना देगी। कांबली को अप्रैल से ही पैसे मिलने लगे हैं और उन्हें हर साल स्वास्थ्य संबंधी खर्चों के लिए 30 हजार रुपये अलग से मिलेंगे।
वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं सालगिरह पर गावस्कर ने कांबली से मुलाकात की थी। तब गावस्कर उनके दो डॉक्टर से भी मिले थे। लंबे समय से कांबली शराब की लत से जूझते रहे हैं। अस्पताल में आने पर उनके मस्तिष्क में थक्के पाए गए। कुछ महीने पहले, कांबली ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बुरी आदतें किसी की भी जिंदगी बर्बाद कर सकती हैं और लोगों से शराब और ड्रग्स से दूर रहने की अपील की थी।
मुंबई में कोच रमाकांत आचरेकर की याद में आयोजित कार्यक्रम में कांबली का एक वीडियो बहुत वायरल हुआ था, जिसमें वह बहुत कमजोर दिखाई दिए। उन्हें खड़े होने में मुश्किल हो रही थी। कार्यक्रम में वह अपने बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर का हाथ पकड़कर भावुक हो गए थे।
विनोद कांबली के लिए सुनील गावस्कर ने महत्वपूर्ण कदम उठाया
1993 से 2000 के बीच कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले। वह एक हजार टेस्ट रन बनाने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। आज तक यह रिकॉर्ड कायम है। 1991 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने के बाद भारत के लिए 104 वनडे और 17 टेस्ट खेलने के बावजूद कांबली का अंतरराष्ट्रीय करियर एक दशक भी नहीं चल सका। कांबली ने 17 टेस्ट में 1084 रन बनाए, 54.20 की औसत से।
इनमें चार शतक हैं और तीन अर्धशतक हैं। उन्होंने 104 वनडे में 32.59 की औसत से 2477 रन भी बनाए। इनमें दो शतक और 14 अर्धशतक हैं। इसके अलावा, उन्होंने 129 प्रथम श्रेणी मैचों में 59.67 की औसत से 9965 रन बनाए। इनमें 35 शतक हैं और 44 अर्धशतक हैं। इसके अलावा, कांबली ने 221 लिस्ट ए मैचों में 41.24 की औसत से 6476 रन बनाए। इनमें 35 अर्धशतक और 11 शतक शामिल हैं।
तमाम क्रिकेट फैंस भी यही चाहते हैं कि विनोद कांबली जल्द से जल्द पूरी तरह से फिट हो जाए। बहुत से लोगों ने सुनील गावस्कर की प्रशंसा की है कि उन्होंने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।