भारत-पाकिस्तान सीजफायर के बाद आईपीएल 2025 फिर से शुरू होने वाला है। 17 मई को पहला मुकाबला होगा। टूर्नामेंट को भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष के कारण एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद कई खिलाड़ी अपने देश लौट गए। अब कई खिलाड़ी वापस आने वाले हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसा नहीं कर रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के जेक फ्रेजर मैकगर्क ने इस कड़ी में अपनी फ्रेंचाइजी को धोखा दिया है। अब वह आईपीेल 2025 के बाकी सीजन में नहीं खेलेंगे क्योंकि उन्होंने भारत लौटने से इनकार कर दिया है। दिल्ली फ्रेंचाइजी ने मैकगर्क को 9 करोड़ रुपये में खरीदा था। दिल्ली कैपिटल्स ने अब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को मैकगर्क की जगह टीम में लिया है।
फ्रेजर मैकगर्क का प्रदर्शन इस सीजन में बेहद खराब रहा। उन्होंने 6 मैचों में ओपनिंग करते हुए कुल 55 रन बनाए। पांच बार वह सिर्फ एक डिजिट स्कोर पर आउट हुए। मैकगर्क का सर्वोच्च स्कोर 38 रन था। जेक फ्रेजर मैकगर्क ने पिछले सीजन में 9 मैचों में 330 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 84 था। इस दौरान उनका औसत 36.67 रहा और स्ट्राइक रेट 234.04 रहा।
पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स का मैच फिर से होगा
वहीं, आईपीएल का सीजन रद्द होने से एक दिन पहले पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला भी रद्द कर दिया गया था। उस समय स्टेडियम में ब्लैकआउट हो गया था।
बीसीसीआई ने अब पंजाब-दिल्ली मैच को फिर से कराने का निर्णय लिया है। शनिवार, 24 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में यह मैच खेला जाएगा। दिल्ली की टीम अभी 13 अंक के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। बारिश के कारण उसका एक मैच धुल गया।