8 अप्रैल मंगलवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी केदार जाधव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हुए। जाधव के बीजेपी में शामिल होने का एक वीडियो भी बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस भी इस वीडियो पर तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पूर्व क्रिकेटर ने महाराष्ट्र बीजेपी इकाई की सीनियर लीडरशिप में पार्टी जाॅइन की। इस दौरान जाधव महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री श्री चंद्रशेखर बावनकुले और श्री चंद्रकांत दादा पाटिल की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।
केदार जाधव के बीजेपी में शामिल होने का वीडियो देखें
मुंबई: पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव मुंबई में महाराष्ट्र के मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।#kedarjadhav pic.twitter.com/aCVKu7DTKw
— Abhishek Dwivedi /अभिषेक द्विवेदी 🇮🇳 (@Dubeyjilive) April 8, 2025
यह पहली बार नहीं है जब किसी पूर्व क्रिकेटर ने किसी राजनीतिक पार्टी का दामन थामा है। पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कांग्रेस, कीर्ति आजाद और यूसुफ पठान ने तृणमूल कांग्रेस और अशोक डिंडा बीजेपी में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत कर चुके हैं। हाल ही में अब इसी क्रम में नया नाम केदार जाधव का जुड़ गया है।
क्रिकेट जगत में जाधव को उनकी स्पिन गेंदबाजी के लिए जाना जाता है जो क्रीज के बिल्कुल साइड में जाकर गेंदबाजी करते थे। जाधव भारतीय टीम के लिए क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 भी खेल चुके हैं।
केदार जाधव का क्रिकेट करियर
40 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर 2014 से 2020 तक भारतीय क्रिकेट टीम में खेल चुके हैं। जाधव ने इस दौरान भारतीय टीम के लिए 73 वनडे और 9 टी20 मैच खेले। जाधव ने वनडे में 167 रन बनाने के साथ 27 विकेट भी हासिल किए। इसके अलावा, उन्होंने 95 आईपीएल मैचों में 123.14 के स्ट्राइक रेट और 22.37 की औसत से 981 रन बनाए थे। यह देखना होगा कि अब वह राजनीति में अपना करियर कैसे आगे बढ़ाते हैं?