इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एशेज सीरीज 2025–26 के लिए 16 सदस्यीय टेस्ट टीम घोषित कर दी है। 21 नवंबर को पर्थ में इस महत्वपूर्ण श्रृंखला का शुभारंभ होगा। ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एक बार फिर इंग्लैंड की कप्तानी करेंगे। 2015 के बाद ऑस्ट्रेलिया से ऐशेज ट्रॉफी जीतकर इतिहास बनाना उनका लक्ष्य होगा।
हैरी ब्रूक इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए उपकप्तान बने
टीम में सबसे बड़ा बदलाव है हैरी ब्रूक का उपकप्तान बनना। उन्होंने ऑली पोप की जगह ली है। हैरी ब्रूक हाल ही में इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के कप्तान भी बने थे और अब उन्हें टेस्ट में भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि यह उनके करियर के लिए एक बड़ा कदम है।
टीम में कई खिलाड़ी चोटों से उबरकर फिर से खेलने वाले हैं। घुटने की चोट के कारण बाहर रहे तेज गेंदबाज मार्क वुड अब फिट हो गए हैं। उधर, युवा ऑफ-स्पिनर शोएब बशीर, जो भारत दौरे पर उंगली की चोट से जूझ रहे थे, अब टीम का हिस्सा बन गए हैं।
इसके अलावा, दिसंबर 2024 में अपना अंतिम टेस्ट खेलने वाले तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स भी वापस आ गए हैं। लंबे समय बाद टेस्ट टीम में स्थान पाने में ऑलराउंडर विल जैक्स भी सफल हुए हैं। दिसंबर 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ वे आखिरी बार खेले थे।
टीम में बल्लेबाज जो रूट, सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली और बेन डकेट भी शामिल हैं। तेज गेंदबाजों में गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग शामिल हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
इंग्लैंड की ऐशेज 2025-26 टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), हैरी ब्रूक (उपकप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, बेन डकेट, विल जैक्स, ऑली पोप, मैथ्यू पॉट्स, जो रूट, जैमी स्मिथ, जोश टंग और मार्क वुड।
इंग्लैंड ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण चुना है। टीम इस बार ऑस्ट्रेलिया में एशेज जीतकर लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा को समाप्त करना चाहेगी।