ठाणे के आकृति हाॅस्पिटल में खराब स्वास्थ्य के चलते इन दिनों पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली भर्ती हैं। 21 दिसंबर को पूर्व खिलाड़ी को खराब हालत में अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज जारी है। जांच में पता चला है कि पूर्व क्रिकेटर को ब्रेन क्लाॅट्स की समस्या है।
कुछ दिनों पहले कांबली की हालत और भी ज्यादा गंभीर हो गई थी जब उन्हें अत्यधिक मूत्र संक्रमण हुआ था। हालाँकि उनकी हालत अब स्थिर हो गई है, और रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें आईसीयू से बाहर भेजा गया है और उन्हें कुछ दिनों में डिस्चार्च कर दिया जाएगा।
एकनाथ शिंदे ने 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अब 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है।
पूर्व खिलाड़ी की यह मदद उनके बेटे श्रीकांत शिंदे द्वारा चलाए जाने वाली श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन कर रही है। श्रीकांत के निर्देश पर मंगेश चिवटे ने हाॅस्पिटल का दौरा किया और विनोद कांबली के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। पूर्व क्रिकेटर ने इस मदद के लिए धन्यवाद व्यक्त किया और डिप्टी सीएम से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उन्हें धन्यवाद देने की इच्छा व्यक्त की है।
ब्रेन स्कैन से पता चला खिलाड़ी की बीमारी के बारे में: विनोद कांबली के डाॅक्टर
52 वर्षीय कांबली का इलाज कर रहे डॉक्टर विवेक त्रिवेदी ने पुष्टि की कि पूर्व क्रिकेटर की स्थिति के कारण विस्तृत चिकित्सा जांच के बाद ब्रेन क्लाॅट्स पाए गए। डाॅक्टर ने कांबली को लेकर कहा कि हमने उन्हें शनिवार शाम को भर्ती कराया।
उन्हें घर पर मांसपेशियों में दर्द और चक्कर आ रहे थे। उन्हें तेज बुखार था और ऐंठन के कारण चलना मुश्किल हो रहा था। परीक्षण में पता चला कि उन्हें मूत्र संक्रमण था और सोडियम और पोटेशियम की कमी थी जो ऐंठन का कारण था।