चेन्नई सुपर किंग्स के फील्डिंग कोच टोमी सिम्सेक ने हाल ही में खुलासा किया है कि यह सारी रिपोर्ट झूठी है जिसमें यह कहा गया आईपीएल 2024 के दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रोध में टीवी का सेट तोड़ दिया था। हाल ही में हरभजन सिंह ने इस बात का खुलासा किया था कि आईपीएल 2024 में CSK vs. RCB मुकाबले में धोनी आउट होने के बाद गुस्से में नजर आए और पवेलियन जाते वक्त टीवी सेट तोड़ दिया।
आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2024 का 68वां मैच खेला गया था। चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए यह मैच जीतना बहुत महत्वपूर्ण था। मैच को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 27 रनों से जीता था।
इस मैच में महेंद्र सिंह ने 13 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए। जब महेंद्र सिंह आउट होकर वापस पवेलियन जा रहे थे, तो उनका चेहरा काफी निराश था।
महेंद्र सिंह धोनी ने कभी तोड़ा ही नहीं टीवी का सेट – टोमी सिम्सेक
एक इंटरव्यू में हरभजन सिंह ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी ने गुस्से में टीवी का स्क्रीन तोड़ दिया था। हालाँकि, चेन्नई सुपर किंग्स के फील्डिंग कोच टोमी सिम्सेक ने इस खबर को गलत बताया और कहा कि यह फेक न्यूज़ है और महेंद्र सिंह धोनी ने ऐसा कुछ भी नहीं किया था।
चेन्नई सुपर किंग्स ने 2024 आईपीएल के प्लेऑफ में जगह नहीं बनाई थी। महेंद्र सिंह ने फिनिशर का बहुत अच्छा काम किया था। हालाँकि, कई लोगों का यह मानना था कि धोनी को अपनी बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना चाहिए था और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाने चाहिए थे।
महेंद्र सिंह धोनी को अब इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में खेलते देखा जा सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2025 के लिए नए नियम बनाए हैं, जिसमें धोनी को अब नई भूमिका में खेलते हुए देखा जा सकता है। तमाम फैंस महेंद्र सिंह को आईपीएल के आगामी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से दमदार प्रदर्शन करते हुए देखना चाहेंगे।