3 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल 2025 में एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया। पहली पारी में उन्होंने 19वें ओवर में 33 रन लुटाए और अपने तीन ओवर के स्पेल में 65 रन दिए। आरसीबी के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने खलील को बेरहमी से कूटा।
रोमारियो शेफर्ड ने खलील अहमद के धागे खोल दिए
19वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने अपना तूफानी अंदाज दिखाया। यह ओवर खलील अहमद फेंक रहे थे। खलील की पहली गेंद मिडविकेट पर रोमारियो ने छक्के के लिए भेजी। शेफर्ड ने दूसरी गेंद पर भी खतरनाक शॉट लगाकर छक्का लगाया। उन्होंने तीसरी गेंद पर चौका लगाया और चौथी गेंद पर फिर छक्का लगाया।
पांचवीं गेंद पर मारा गया छक्का और भी लंबा था, और यह नो बॉल भी हो गई थी। इसके बाद अगली गेंद फ्री हिट थी, जिस पर खलील ने कोई रन नहीं जाने दिया। लेकिन रोमारियो ने चौके के लिए अंतिम गेंद भेजी। शेफर्ड ने खलील के इस ओवर में कुल 33 रन बनाए। इसके साथ ही खलील अहमद के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।
खलील अहमद के नाम अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ा
खलील अहमद आईपीएल के इस सीजन का सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने कुल 33 रन लुटाए। इसके अलावा, एक आईपीएल मैच में सबसे अधिक रन लुटाने वाले गेंदबाज भी बन गए। उन्होंने तीन ओवर में 65 रन खर्च कर डाले।
खलील अहमद चेन्नई की तरफ से आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज भी बन गए। 2020 में लुंगी एंगिडी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 रन लुटाए थे। 2021 में, सैम करन ने केकेआर के खिलाफ एक ओवर में 30 रन खर्च किए थे।