मुंबई के आईकॉनिक वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम को 19 जनवरी 2025 को 50 साल पूरे होने वाले हैं। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्या नाइक ने इसके उपलक्ष्य में एक बड़े समारोह का ऐलान किया है। 12 जनवरी से यह सेलिब्रेशन शुरू होगा और 19 जनवरी को इसका समापन होगा।
19 जनवरी 2025 को मुंबई के आईकॉनिक वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम को 50 साल पूरे होने वाले हैं
इस इवेंट में मुंबई के कुछ दिग्गज कप्तान अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिनमें- सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रवि शास्त्री, अजिंक्या रहाणे, दिलीप वेंगसरकर और डायना एडुल्जी के साथ-साथ मेन्स और वुमेंस क्रिकेट दोनों के कुछ घरेलू दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्या नाइक ने प्रशंसकों और दिग्गज खिलाड़ियों को इस खास कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। News 18 के अनुसार उन्होंने कहा
“जैसा कि हम प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं सालगिरह मना रहे हैं, मैं सभी क्रिकेट फैंस को इस महत्वपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने के लिए हार्दिक आमंत्रित करता हूं। हमारे लीजेंडरी हीरो इस कार्यक्रम में हमारे साथ शामिल होंगे, और साथ मिलकर हम वानखेड़े स्टेडियम की समृद्ध विरासत को ट्रिब्यूट देंगे जो मुंबई का गौरव है। आइए इस उत्सव को वास्तव में अविस्मरणीय बनाएं।”
19 फरवरी को प्रसिद्ध कलाकार अवधूत गुप्ते और अजय-अतुल ग्रैंड सेलिब्रेशन में परफॉर्म करने वाले हैं, साथ ही एक लेजर शो भी होगा। 19 जनवरी को MCA, महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और पूर्व एमसीए अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र सरकार में नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार को भी सम्मानित करेगा।
वानखेड़े स्टेडियम से खिलाड़ियों और प्रशंसकों की बहुत सारी विशिष्ट यादें जुड़ी हुई हैं। 2011 में वानखेड़े में श्रीलंका को हराकर भारत ने 28 साल का इंतजार खत्म कर वर्ल्ड कप जीता था। 2013 में इसी मैदान में दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपना आखिरी मैच खेला था। इसी मैदान पर विराट कोहली ने 2023 में वनडे वर्ल्ड कप में तेंदुलकर का सर्वाधिक 50 वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा था।
आखिरी मुकाबला वानखेड़े में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 1-5 नवंबर को खेला गया था। इस टेस्ट में कीवी टीम ने 25 रनों से जीत दर्ज कर 3-0 से सीरीज जीती थी। 2012 के बाद से भारत को उनके घर पर व्हाइटवॉश करने वाली न्यूजीलैंड पहली टीम बनी थी।