आज ही के दिन 10 दिसंबर 2022 को ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा था। चट्टोग्राम में बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 126 गेंदों में यह शानदार उपलब्धि हासिल की थी। किशन ने 131 गेंदों में 210 रन बनाए थे जिसमें 24 चौके और 10 छक्के शामिल थे। उनकी विस्फोटक पारी से भारत को 409/8 का बड़ा स्कोर बनाने और 227 रन की शानदार जीत हासिल करने में मदद मिली थी।
10 दिसंबर 2022 को ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा था
रोहित शर्मा और शुभमन गिल को ईशान ने पीछे छोड़ दिया था। क्रीज पर मौजूद विराट कोहली भी ईशान का ये बड़ा कारनामा देखकर खुशी से झूम उठे थे। कोहली ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। कोहली ने 113 रन बनाए थे 91 गेंदों पर। जिसमें दो छक्के और ग्यारह चौके शामिल थे।
किशन ने अपनी पारी के दौरान बहुत सारे रिकॉर्ड तोड़े। 24 साल की उम्र में वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। वह सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा के बाद चौथे भारतीय हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने क्रिस गेल के सबसे तेज वनडे दोहरे शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया जो वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी ने 2015 वर्ल्ड कप के दौरान 138 गेंदों में बनाया था।
ईशान किशन फिलहाल टीम इंडिया से बाहर हैं
टीम इंडिया से ईशान किशन लंबे समय से बाहर चल रहे हैं। ईशान को बीसीसीआई की सलाह को अनदेखा करना भारी पड़ा था, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें सेंट्र कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था। ईशान ने 2023 में टीम इंडिया के लिए अपना अंतिम अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला खेला था। इन दिनों वो घरेलू क्रिकेट लगातार खेल रहे हैं।
ईशान को टीम इंडिया में वापस आने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी गई थी। वहीं इस बार घरेलू क्रिकेट में ईशान का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। उनके बल्ले से दलीप ट्रॉफी से लेकर रणजी ट्रॉफी तक में शतक निकले थे। अब प्रशंसकों को उम्मीद है कि ईशान जल्द ही टीम इंडिया के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।