मैदान के बाहर शांत स्वभाव के लिए प्रसिद्ध पूर्व भारतीय क्रिकेटर और महान कप्तान एमएस धोनी ने अपने प्रशंसकों को एक डांस से हैरान कर दिया है। धोनी के एक वीडियो ने उत्तराखंड के लोकप्रिय गाने ‘गुलाबी शरारा’ पर डांस करते हुए इंटरनेट पर धूम मचा दी है। उस वीडियो में प्रशंसकों को धोनी का एक नया अवतार देखने को मिला है।
एमएस धोनी उत्तराखंड में डांस करते हुए नजर आए
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर द्वारा शेयर किए गए वीडियो में धोनी उत्तराखंड में वहां के लोकल लोगों के साथ डांस करते हुए दिखाई दिए। मैदान पर आम तौर पर शांत और संयमित रहने वाले धोनी का ये रूप प्रशंसकों को बहुत पसंद आ रहा है। माही का ऐसा रूप शायद ही देखने को मिलता है।
MS Dhoni and Sakshi dancing on Garhwali song in Rishikesh. ❤️ pic.twitter.com/TNjrhSeV5V
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) December 3, 2024
महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराखंड से जुड़ाव उनके प्रशंसकों के लिए एक खास रिश्ता है। धोनी के पैतृक गांव और अल्मोड़ा जिले से उनके संबंध को देखकर यह साफ होता है कि वह अपनी जड़ों से कितने जुड़े हुए हैं। 2023 में जब धोनी अल्मोड़ा और उसके बाद अब 2024 में वह ऋषिकेश पहुंचे, तो यह उत्तराखंड वासियों के लिए गर्व और खुशी का मौका था।
एमएस धोनी भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं
धोनी ने भारत को आईसीसी व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट के सभी तीन महत्वपूर्ण संस्करणों में जीत दिलायी, जो क्रिकेट इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनके शांत लेकिन प्रभावशाली कप्तानी ने खेल पर एक अमिट छाप छोड़ी है। 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते हुए दिखाई देते हैं।
सीएसके ने धोनी को आईपीएल 2025 सीजन से पहले ₹4 करोड़ में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया। आखिरी बार 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के कारण धोनी को अनकैप्ड प्लेयर की श्रेणी में रखा गया था।