ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मैच में पांच विकेट से जीत हासिल करने के बाद, भारतीय क्रिकेट टीम ने एक विशिष्ट रिकाॅर्ड और कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। ध्यान दें कि टीम इंडिया इस समय ऑस्ट्रेलिया में व्हाइट बाॅल सीरीज के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है।
2 नवंबर, रविवार को होबार्ट के बेलेरिव ओवल मैदान पर इस जारी टी20 सीरीज का तीसरा मैच खेला गया। सूर्यकुमार यादव ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर कुल 186 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए टिम डेविड ने 74 और मार्कस स्टोइनिस ने 64 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि मैथ्यू शार्ट 26* रन बनाकर नाबाद रहे।
भारतीय क्रिकेट टीम ने फिर 18.3 ओवरों में 5 विकेट खोकर ऑस्ट्रेलिया से मिले 187 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया। वाशिंगटन 49* और जितेश शर्मा 22* रन बनाकर भारत के लिए नाबाद रहे। साथ ही, इस जीत के बाद भारतीय टीम ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस मैदान पर सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया है।
किसी टीम द्वारा होबार्ट में चेज किया गया सबसे बड़ा टी20 अंतर्राष्ट्रीय लक्ष्य
| चेजिंग टीम | बनाम | साल | ओवर्स | टारगेट |
| भारत | ऑस्ट्रेलिया | 2025 | 18.3 | 187 |
| आयरलैंड | स्काॅटलैंड | 2022 | 19 | 177 |
| ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड | 2018 | 18.3 | 156 |
| आयरलैंड | वेस्टइंडीज | 2022 | 17.3 | 147 |
| जिम्बाब्वे | स्काॅटलैंड | 2022 | 18.3 | 133 |
अर्शदीप सिंह ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड जीता
तो वहीं, पहले दो टी20 मैचों में डगआउट की कुर्सी गर्म करने के बाद आज अर्शदीप सिंह को खेलने का मौका मिला। वापसी करते हुए, अर्शदीप ने 4 ओवरों में 35 रन खर्च कर 3 विकेट हासिल किए, जो भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। इस शानदार प्रदर्शन के लिए अर्शदीप को प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड दिया गया।
अब जारी सीरीज का चौथा मैच 6 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगी ताकि सीरीज में बढ़त हासिल की जा सके।
