शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास रच दिया। स्मृति मंधाना ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 23 गेंदों में अर्धशतक लगाकर भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का कीर्तिमान बनाया।
स्मृति मंधाना ने 23 गेंदों में अर्धशतक लगाकर भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का कीर्तिमान बनाया
इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने यह रिकॉर्ड बनाया था। 2021-22 में ऋचा ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 26 गेंदों में अर्धशतक ठोका था। लेकिन मंधाना के आक्रामक अंदाज ने इस रिकॉर्ड को तोड़ कर नया इतिहास लिखा।
भारत की महिला खिलाड़ियों के वनडे में सबसे तेज अर्धशतक
स्मृति मंधाना – 23 गेंद बनाम ऑस्ट्रेलिया (2025)
ऋचा घोष – 26 गेंद बनाम न्यूजीलैंड (2021-22)
वेदा कृष्णमूर्ति – 32 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका (2017-18)
हरमनप्रीत कौर – 33 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका (2020-21)
सब्बीनीनी मेघना – 33 गेंद बनाम न्यूजीलैंड (2021-22)
इस पारी में स्मृति मंधाना की चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली। उन्होंने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजो को निशाना बनाया और हर तरफ शॉट्स बिखेरे। भारतीय टीम ने अपने आक्रामक खेल से मजबूत शुरुआत की, जिसका दर्शकों ने खड़े होकर स्वागत किया। दिल्ली के मैदान में तालियों और नारों की गूंज ने माहौल को यादगार बना दिया।
गौरतलब है कि स्मृति मंधाना पिछले कुछ समय से भारतीय महिला क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक है। उन्होंने भारत को टेस्ट, वनडे और टी20 – हर फॉर्मेट में कई बार जीत दिलाई है। बड़े मौकों पर बड़ी पारी खेलने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है। यही कारण है कि उन्हें मौजूदा समय में भारतीय महिला टीम का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी माना जाता है।
स्मृति की इस रिकॉर्डतोड़ पारी की सोशल मीडिया पर बहुत चर्चा है। क्रिकेट प्रशंसकों से लेकर पूर्व खिलाड़ियों ने उनकी प्रशंसा की है। बहुत से लोगों ने इसे भारत की महिला क्रिकेट टीम का गर्व का क्षण बताया है। मंधाना के करियर में यह सफलता एक सुनहरा अध्याय जोड़ेगी और आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।