आईपीएल 2025 अपने अंतिम चरण में है। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आज टूर्नामेंट का पहला क्वालीफायर मुकाबला खेलेंगे। चंडीगढ़ के मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यह मैच खेला जाएगा। विराट कोहली अभी तक आरसीबी के इस सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। पंजाब के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे अधिक रन बनाए हैं।
अब देखना है कि ये दोनों बल्लेबाज प्लेऑफ में कैसे खेलते हैं। हालाँकि, आईपीएल इतिहास में प्लेऑफ में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कुछ नाम आश्चर्यजनक हैं। खिलाड़ी कौन हैं? आइए विस्तार से जानते हैं।
आईपीएल प्लेऑफ में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पहला नाम सुरेश रैना का है, जिन्होंने 24 पारियों में 155.21 के स्ट्राइक रेट से 714 रन बनाए हैं। सीएसके के महेंद्र सिंह धोनी दूसरे स्थान पर हैं। 23 पारियों में उन्होंने 132.07 स्ट्राइक रेट से 523 रन बनाए हैं। तीसरा नाम आपको चौंका सकता है और वह है गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल। गिल ने इस लिस्ट में बहुत कम पारियों में जगह बनाई है। 10 पारियों में उन्होंने 145.39 के स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए हैं। फाफ डु प्लेसिस (390) और शेन वॉटसन (389) क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
आईपीएल प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची
- सुरेश रैना- 714 रन (24 पारी, 155.21 स्ट्राइक रेट)
- एमएस धोनी- 523 रन (23 पारी, 132.07 स्ट्राइक रेट)
- शुभमन गिल- 474 (10 पारी, 145.39 स्ट्राइक रेट)
- फाफ डु प्लेसिस- 390 (15 पारी, 130.43 स्ट्राइक रेट)
- शेन वॉटसन- 389 (12 पारी, 151.36 स्ट्राइक रेट)
पंजाब किंग्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया
आईपीएल 2025 में कई टीमों ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है। वहीं कुछ टीमें उम्मीदों को पूरा नहीं कर पाईं। 2014 के बाद, पंजाब किंग्स ने लीग चरण में अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ में प्रवेश किया है। टीम ने श्रेयस अय्यर की अगुवाई में 19 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर फिनिश किया है। वहीं, आरसीबी ने अपने खेल से प्रभावित किया है। वह पॉइंट्स टेबल में 19 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
इस सीजन में पूर्व चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ में जगह नहीं बनाई। वहीं, पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स भी आईपीएल 2025 में संघर्ष करती हुई नजर आई। वह टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।