आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं।। सोमवार को आरआर ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 8 विकेट से बड़ी जीत हासिल की। आरआर के खाते में अब दस मैचों में छह अंक हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में जीटी ने 210 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन राजस्थान ने 15.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य को चेज कर लिया।
शुभमन गिल शतक लगाने से चूके
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी की और साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत की। पहले विकेट के लिए दोनों ने 62 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की। सुदर्शन, महीश तीक्षणा का शिकार हुए। तीस गेंदों में वह 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गिल को जोस बटलर का साथ मिला। दूसरे विकेट के लिए दोनों ने 38 गेंदों में 74 रन जोड़े। कप्तान गिल ने 50 गेंदों में 84 रन बनाए। उन्होंने 29 गेंदों में सत्र का चौथा अर्धशतक लगाया। इसके अलावा, यह उनके आईपीएल करियर का 24वां पचासा है। उन्हें भी तीक्षणा ने ही अपना शिकार बनाया।
50 रन बनाकर बटलर नाबाद रहे। इस दौरान, उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। इसके साथ, विकेटकीपर बटलर इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए। उनके नाम पर 819* रन दर्ज हो गए हैं। इस मैच में राहुल तेवतिया नौ रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शाहरुख खान पांच रन बनाकर नाबाद रहे।
वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार पारी खेली
आरआर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तूफानी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने 166 रनों की भागीदारी की। 12वें ओवर में सूर्यवंशी को प्रसिद्ध कृष्णा ने बोल्ड किया। नीतिश राणा का बल्ला नहीं चला। यशस्वी ने कार्यवाहक कप्तान रियान पराग के साथ मिलकर राजस्थान की जीत की नैया पार लगाई।
तीसरे विकेट के लिए दोनों ने 41 रनों की अटूट साझेदारी की। यशस्वी ने 40 गेंदों में नाबाद सत्तर रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और दो छक्के लगाए। पराग 15 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने दो चौके और इतने ही छक्के लगाए।