कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आईपीएल 2025 का 21वां मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन यह निर्णय गलत साबित हुआ। LSG ने 3 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए हैं, जो आईपीएल इतिहास में फ्रेंचाइजी का दूसरा सर्वश्रेष्ठ टोटल है। मिचेल मार्श, निकोलस पूरन और एडेन मार्करम ने टीम के लिए शानदार पारियां खेली।
मिचेल मार्श ने इस सीजन में अपना रेड एंड हॉट फॉर्म बरकरार रखते हुए कोलकाता के खिलाफ चौथा अर्धशतक जड़ा। मार्श ने आईपीएल 2025 में पहले पांच मैचों में चार अर्धशतक ठोककर इतिहास रच दिया है। उन्होंने विराट कोहली और डेविड वॉर्नर जैसे बल्लेबाजों की बराबरी कर ली है।
मिचेल मार्श यह कारनामा करने वाले चौथे खिलाड़ी बने
आईपीएल के शुरुआती पांच मैचों में मिचेल मार्श 50 से अधिक स्कोर बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। यह कारनामा उनसे पहले डेविड वॉर्नर (2016), विराट कोहली (2016) और क्रिस गेल (2018) जैसे बल्लेबाज कर चुके हैं, जिन्होंने शुरुआती पांच मैचों में चार बार 50 से ज्यादा रन बनाए।
याद रखें कि मार्श ने 2010 से 2024 के बीच आईपीएल में 36 पारियों में तीन बार अर्धशतक लगाए, लेकिन इस सीजन में मार्श ने पांच पारियों में चार बार 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है।
मिचेल मार्श ने 81 रन बनाए
मिचेल मार्श ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 48 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली। उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के देखने को मिले। उन्होंने अपनी फिफ्टी 36 गेंदों में पूरी की थी। 16वें ओवर में वह आंद्रे रसेल का शिकार बने।
आईपीएल 2025 में मिचेल मार्श के स्कोर पर नजर डालिए –
81(48) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
60(31) बनाम मुंबई इंडियंस (MI)
0(1) बनाम पंजाब किंग्स (PBKS)
52(31) बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
72(36) बनाम दिल्ली कैपिटल्स (DC)