पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में आज पहला मुकाबला कराची में खेला जा रहा है। पाकिस्तानी टीम को मैच के दौरान तगड़ा झटका लगा है। फखर जमान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच के पहले ओवर में ही चोटिल हो गए हैं। पाकिस्तानी टीम की उनके चोटिल होने से परेशानी बढ़ गई है।
फखर जमान फील्डिंग करते हुए चोटिल हुए
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी करने को कहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ओवर में शाहीन अफरीदी ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। इस ओवर की दूसरी गेंद पर कवर्स के ऊपर से कीवी बल्लेबाज विल यंग ने ड्राइव किया।
फील्डर फखर जमान ने इसे पकड़ने के लिए दौड़ लगाई। उन्होंने गेंद को रोका भी लेकिन इसके बाद उन्हें पीठ में दर्द महसूस हुआ। गेंद को पकड़ते हुए उनके घुटने भी मुड़ गए। इसके बाद वह फिजियो के साथ ग्राउंड से बाहर चले गए और कामरान गुलाम उनकी जगह मैदान पर आए।
सैम अयूब पहले से ही चोटिल हैं
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि फखर जमान की मांसपेशियों में मोच की जांच की जा रही है।आगे उनके बारे में अधिक जानकारी दी जाएगी।पाकिस्तानी टीम के युवा बल्लेबाज सैम अयूब को इससे पहले चोटिल होकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर होना पड़ा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में उनका टखना मुड़ गया था। फिर अयूब की जगह पाकिस्तानी टीम में ओपनर की जगह फखर ने ले ली और ट्राई सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 69 गेंदों पर 84 रन बनाए थे।
पाकिस्तान एक बार चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुका है
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी पाकिस्तान को मिली है और 1996 के बाद से उसकी धरती पर कोई टूर्नामेंट हो रहा है। इसलिए पाकिस्तान इस बार खिताब जीतने का प्रबल दावेदार है। 2017 में पाकिस्तानी टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। तब सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम ने भारत को फाइनल में 180 रनों से हराया था।